लाइव टीवी

ये अनोखा मुकाम हासिल करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं मिताली राज 

Updated Oct 09, 2019 | 18:17 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Mithali Raj first women cricketer to have 20 year long ODI career: भारतीय वनडे क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच में मैदान पर उतरते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।

Loading ...
मिताली राज
मुख्य बातें
  • जून 1999 में आयरलैंड के खिलाफ किया था वनडे करियर का आगाज
  • 20 साल तक वनडे क्रिकेट खेलने वाले दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर
  • केवल तीन पुरुष क्रिकेट खिलाड़ी ही दो दशत तक खेल पाए हैं अंतरराष्ट्रीय वनडे

बड़ौदा: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल कर ली है। वो सबसे लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे मुकाबले के लिए मैदान पर उतरते ही मिताली राज ने अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में दो दशक पूरे कर लिए। वो 20 साल से अधिक समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। 

26 जून 1999 को आयरलैंड के खिलाफ वनडे करियर का आगाज करने वाली मिताली गुरुवार को टॉस के लिए जैसे ही मैदान पर उतरीं इसी के साथ ही उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में 20 साल 105 दिन पूरे हो गए। वो यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया की चौथी और पहली महिला क्रिकेटर हैं। पुरुष क्रिकेटरों में दो दशक से लंबे समय तक अंतराष्ट्रीय क्रिकेट सिर्फ भारत के सचिन तेंदुलकर (22 साल 91 दिन), श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (21 साल 184 दिन) और पाकिस्तान के जावेद मियांदाद (20 साल 272 दिन) खेल सके हैं। इन सभी खिलाड़ियों की खासियत यह है कि इन सभी का ताल्लुक एशिया से है। एशियाई से बाहर का और कोई खिलाड़ी इतने लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल सका है। 

36 वर्षीय मिताली अब तक करियर में 204 वनडे मैच खेल चुकी है। वह दुनिया में सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाली खिलाड़ी भी हैं। उनके अलावा इंग्लैंड की चार्लोट एडवडर्स (191), भारत की झूलन गोस्वामी (178) और ऑस्ट्रेलिया की एलेक्स ब्लैकवेल (144) उनके बाद दूसरे, तीसरे और चौथे पायदान पर हैं। इसके अलावा मिताली ने भारत के लिये 10 टेस्ट और 89 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच भी खेले हैं। पिछले महीने उन्होंने टी-20 क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल