लाइव टीवी
  • Hindi News
  • Cricket News
  • INDW vs NZW Live Score India vs New Zealand Womens World Cup Match Live Cricket Score
Live Blog

INDW vs NZW, WWC 2022: न्‍यूजीलैंड की चुनौती से पार नहीं पा सकी 'मिताली ब्रिगेड', झेली विशाल शिकस्‍त

Updated Mar 10, 2022 | 01:56 PM IST

IND-W vs NZ-W, Match Highlights: भारत और न्‍यूजीलैंड महिला के बीच आईसीसी वर्ल्‍ड कप 2022 का आठवां मैच समाप्‍त हो गया है। भारतीय टीम को इस मुकाबले में 62 रन की करारी शिकस्‍त झेलनी पड़ी है। पढ़ें पूरे मैच का हाल यहां।

Loading ...
भारत बनाम न्‍यूजीलैंड महिला, वर्ल्‍ड कप 2022, लाइव अपडेट्स

IND-W vs NZ-W, Match Highlights: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को गुरुवार को आईसीसी महिला वर्ल्‍ड कप 2022 के 8वें मैच में न्‍यूजीलैंड के हाथों 62 रन की शिकस्‍त का सामना करना पड़ा। हेमिल्‍टन के सेडोन पार्क में न्‍यूजीलैंड ने पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 260 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 46.4 ओवर में 198 रन पर ऑलआउट हो गई। न्‍यूजीलैंड महिला की यह तीन मैचों में दूसरी जीत है जबकि भारतीय टीम की दो मैचों में पहली हार। न्‍यूजीलैंड की एमी सैथरवेट (75) को उनकी शानदार पारी के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

भारत की पारी का हाल

261 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत अच्‍छी नहीं रही। जेस कर ने स्‍मृति मंधाना (6) को बेट्स के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद ताहूहू ने दीप्ति शर्मा (5) को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट करके भारत को तगड़ा झटका दिया। स्‍कोर 50 पर पहुंचा था कि ताहूहू ने यस्तिका भाटिया (28) को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट कर दिया। भारत का स्‍कोर 97 रन पर पहुंचा था कि तभी एमिलिया कर ने दो करारे झटके दिए।

कर ने लगातार दो गेंदों में मिताली राज (31) और ऋचा घोष को आउट किया। मिताली राज स्‍टंपिंग आउट हुईं जबकि घोष को कर ने क्‍लीन बोल्‍ड किया। इसके बाद भारतीय टीम को नियमित अंतराल में झटके लगते रहे। केवल हरमनप्रीत कौर ने एक छोर संभाले रखा और कीवी गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया। 

एमिलिया कर ने ही हरमनप्रीत कौर की पारी का अंत किया। कौर ने 63  गेंदों में 6 चौके और दो छक्‍के की मदद से 71 रन बनाए। भारत की पूरी टीम 46.4 ओवर में 198 रन पर ऑलआउट हो गई। न्‍यूजीलैंड की तरफ से ला ताहूहू और एमिलिया कर को तीन-तीन विकेट मिले। हेली जेनसेन को को दो विकेट मिले। जेस कर और हना रोव को एक-एक सफलता मिली।

न्‍यूजीलैंड की पारी का हाल

इससे पहले एमी सैथरवेट (75) और एमिलिया कर (50) की शानदार पारियों की बदौलत न्‍यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 260 रन बनाए।

भारत द्वारा पहले बल्‍लेबाजी के लिए आमंत्रित न्‍यूजीलैंड को सूजी बेट्स (5) के रूप में पहला तगड़ा झटका लगा। पूजा वस्‍त्राकर ने सटीक थ्रो जमाकर बेट्स को रनआउट किया। सोफी डेविन (35) और एमिलिया कर (50) ने दूसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। तभी वस्‍त्राकर ने डेविन को विकेटकीपर घोष के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। फिर एमिलिया कर ने एमी सैथरवेट (75) के साथ चौथे विकेट के लिए 117 रन की शतकीय साझेदारी की। 

एमिलिया कर अर्धशतक पूरा करते ही गायकवाड़ का शिकार होकर पवेलियन लौटी। उन्‍होंने 64 गेंदों में 5 चौके की मदद से 50 रन बनाए। एमी सैथरवेट (75) एक छोर पर डटी रहीं और टीम का स्‍कोर 200 पार पहुंचाने में मदद की। इस बीच शर्मा ने मैडी ग्रीन (27) को मंधाना के हाथों कैच आउट कराया। 

फिर सैथरवेट की पारी पर विराम पूजा वस्‍त्राकर ने लगाया जब उन्‍होंने मिड विकेट पर मिताली राज के हाथों कैच आउट कराया। एमी ने 84 गेंदों में 9 चौके की मदद से 75 रन रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम समय में दमदार वापसी करते हुए न्‍यूजीलैंड के 9 विकेट गिराए और उसे बड़ा स्‍कोर बनाने से रोक दिया। भारत की तरफ से पूजा वस्‍त्राकर ने सबसे ज्‍यादा चार विकेट लिए। राजेश्‍वरी गायकवाड़ ने दो विकेट लिए। झूलन गोस्‍वामी और दीप्ति शर्मा के खाते में एक-एक विकेट आया।

टॉस का बॉस बना भारत

इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्‍तान मिताली राज ने न्‍यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने अपनी प्‍लेइंग 11 में एक बदलाव किया है। शैफाली वर्मा की जगह यस्तिका भाटिया को शामिल किया गया है। वहीं न्‍यूजीलैंड ने अपनी प्‍लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। दोनों ही टीमों ने अपने पिछले मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम का टूर्नामेंट में यह दूसरा मैच है जबकि मेजबान टीम अपना तीसरा मैच खेल रही है।

दोनों टीमों की प्‍लेइंग 11:

भारत महिला की प्‍लेइंग 11 - स्‍मृति मंधाना, यस्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, मिताली राज (कप्‍तान), हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, स्‍नेह राणा, पूजा वस्‍त्राकर, झूलन गोस्‍वामी, मेघना सिंह और राजेश्‍वरी गायकवाड़।

न्‍यूजीलैंड महिला की प्‍लेइंग 11 - सोफी डेविन (कप्‍तान), सूजी बेट्स, एमिलिया कर, एमि सैथर्टवेट, मैडी ग्रीन, फ्रांसेस मैके, कैटी मार्टिन, हेली जेनसेन, लिया ताहूहू, जेस कर और हाना रोव।

Mar 10, 2022  |  01:33 PM (IST)
न्‍यूजीलैंड की विशाल जीत

न्‍यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने गुरुवार को आईसीसी महिला वर्ल्‍ड कप 2022 के आठवें मैच में भारत को 62 रन के विशाल अंतर से मात दी। न्‍यूजीलैंड ने पहले बल्‍लेबाजी करके 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 260 रन बनाए। जवाब में भारत की पारी 46.4 ओवर में 198 रन पर ऑलआउट हो गई। एमी सैथरवेट (75) को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। न्‍यूजीलैंड की 3 मैचों में यह दूसरी जीत है जबकि भारत की यह दो मैचों में पहली हार है।
 

Mar 10, 2022  |  01:17 PM (IST)
हरमनप्रीत कौर की पारी का अंत

एमिलिया कर ने हरमनप्रीत कौर को लांग ऑफ पर सोफी डेविन के हाथों कैच आउट कराकर भारतीय टीम के जीतने की उम्‍मीदों को पूरी तरह तोड़ दिया है। हरमनप्रीत कौर ने 63 गेंदों में 6 चौके और दो छक्‍के की मदद से 71 रन बनाए। 44 ओवर के बाद भारत का स्‍कोर 178/8। झूलन गोस्‍वामी 7* रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

Mar 10, 2022  |  01:15 PM (IST)
हरमनप्रीत कौर अकेले लड़ा रही किला

भारतीय टीम की तरफ से हरमनप्रीत कौर अकेले ही किला लड़ा रही है। हालांकि, टीम इंडिया मुकाबले से बाहर होती हुई नजर आ रही है। भारतीय टीम के सामने लक्ष्‍य बहुत बड़ा है, लेकिन उसके पास विकेट की कमी है। 43 ओवर के बाद भारत का स्‍कोर 171/7। हरमनप्रीत कौर 70* और झूलन गोस्‍वामी 1* रन बनाकर खेल रही हैं।

Mar 10, 2022  |  12:43 PM (IST)
राणा-हरमन पर बड़ी जिम्‍मेदारी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय खराब स्थिति में हैं। स्‍नेह राणा और हरमनप्रीत कौर भारतीय पारी को संवारने में जुटी हुई हैं। दोनों ने खबर लिखे जाने तक 25 रन की साझेदारी हो चुकी है। 35 ओवर के बाद भारत का स्‍कोर 122/5। हरमनप्रीत कौर 31* और स्‍नेह राणा 15* रन बनाकर खेल रही हैं। भारत को 15 ओवर में जीत के लिए 139 रन की जरूरत और उसके पांच विकेट बाकी।

Mar 10, 2022  |  12:25 PM (IST)
एमिलिया कर ने लगातार दो गेंदों में झटके दो विकेट

न्‍यूजीलैंड की ऑलराउंडर एमिलिया कर ने टीम इंडिया के हाल पस्‍त कर दिए हैं। भारतीय पारी का 30वां करने वाली ऑफ स्पिनर एमिलिया कर ने चौथी गेंद पर मिताली राज को स्‍टंपिंग कराया और फिर अगली ही गेंद पर उन्‍होंने ऋचा घोष को क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। हालांकि, स्‍नेह राणा ने कर को हैट्रिक पूरी नहीं करने दी और आखिरी गेंद पर छक्‍का जमा दिया। भारतीय पारी लड़खड़ा चुकी है और अब स्‍नेह राणा व हरमनप्रीत कौर पर बड़ी जिम्‍मेदारी है। हालांकि, भारतीय टीम मुकाबले से बाहर होते हुए नजर आ रही है क्‍योंकि उसे 8.29 रन प्रति ओवर की औसत से रन बनाने हैं।

Mar 10, 2022  |  12:07 PM (IST)
हरमनप्रीत कौर ने खोले अपने हाथ

हरमनप्रीत कौर ने 25वें ओवर में अपने हाथ खोले। उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद पर डीप फाइन लेग की दिशा में गेंद को चार रन के लिए भेजा। हरमनप्रीत 9 और मिताली 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

IND vs NZ Live Score: भारत 75/3 (25 ओवर)

Mar 10, 2022  |  11:54 AM (IST)
क्रीज पर मिताली और हरमनप्रीत

फिलहाल भारतीय पारी लड़खड़ाते हुए नजर आ रही है। भारत के तीन विकेट गिर चुके हैं। कप्तान मिताली राज और हरमनप्रीत कौर भारतीय पारी को आगे बढ़ा रही है। मिताली 17 और हरमनप्रीत ने एक रन बनाया है।

IND vs NZ Live Score: भारत 50/3 (23 ओवर)

Mar 10, 2022  |  11:44 AM (IST)
यास्तिका भाटिया को ताहूहू ने किया आउट

भारत को तीसरा झटका यास्तिका भाटिया के तौर पर लगा है। टिककर बल्लेबाजी कर रही हैं भाटिया को 20वें ओवर में लिया ताहूहू ने आउट किया। उन्होंने फ्रांसेस मैके को कैच थमाया। भाटिया ने 59 गेंदों में 28 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 2 चौके जमाए। 

IND vs NZ Live Score: भारत 50/3 (20 ओवर)

Mar 10, 2022  |  11:31 AM (IST)
भाटिया ने छुआ 25 का आंकड़ा

भाटिया और मिताली संभलकर भारतीय पारी को आगे बढ़ा रही हैं। भाटिया ने 51 गेंदों में 25 का आंकड़ा छुआ है और मिताली ने 17 गेंदों में 6 रन बना लिए हैं।

IND vs NZ Live Score: भारत 45/2 (17 ओवर)

Mar 10, 2022  |  11:21 AM (IST)
15 ओवर का खेल खत्म

15 ओवर का खेल कंप्लीट हो चुका है। इस ओवर में 8 रन आए। भाटिया ने एक चौके भी ठोका। भाटिया 22 रन बनाकर टिकी हैं जबकि मिताली ने 4 के निजी स्कोर पर हैं।

IND vs NZ Live Score: भारत 40/2 (15 ओवर)

Mar 10, 2022  |  11:00 AM (IST)
दीप्ति शर्मा सस्ते में हुईं आउट

भारत का दूसरा विकेट दीप्ति शर्मा के रूप में गिरा है। दीप्ति सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठीं। उन्होंने 13 गेंदों में एक चौके के जरिए 5 रन जुटाए। दीप्ति को 10वें ओवर की आखिर गेंद पर लिया ताहूहू ने एलबीडब्ल्यू किया। 

IND vs NZ Live Score: भारत 26/2 (10 ओवर)

Mar 10, 2022  |  10:55 AM (IST)
डेविन ने हाना रोव को थमाई गेंद

न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डेविन ने नौवें  ओवर में हाना रोव को गेंत थमाई। रोव के ओवर में दीप्ति शर्मा (5*) ने चौका मारा और भाटिया (12*) ने एक रन लिया।

IND vs NZ Live Score: भारत 24/1 (9 ओवर)

Mar 10, 2022  |  10:49 AM (IST)
भाटिया ने लगाया पहला चौका

भाटिया ने भारत के लिए पहला चौका लगाया है। उन्होंने आठवें ओवर की चौथी गेंद को बाउंड्री के पार भेजा। इस ओवर में भारत को एक वाइड के अलावा तीन रन और मिले।

IND vs NZ Live Score: भारत 19/1 (8 ओवर)

Mar 10, 2022  |  10:47 AM (IST)
बल्लेबाजी के लिए उतरीं दीप्ति शर्मा

मंधाना के जाने के बाद दीप्ति शर्मा बल्लेबाजी के लिए उतरी हैं। उन्हें सातवां ओवर मैके ने मेडल डाला। दीप्ति 1 और भाटिया 4 रन के निजी स्कोर पर हैं।

IND vs NZ Live Score: भारत 11/1 (7 ओवर)

Mar 10, 2022  |  10:45 AM (IST)
मंधाना को जेस कर ने पवेलियन भेजा

भारत को पहला झटका स्मृति मंधाना के तौर पर लगा है। मंधाना ने धीमि गति से बल्लेबाजी की और 21 गेंदों में महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उन्हें जेस कर ने छठे ओवर की चौथी गेंद पर सूज बेट्स के हाथों कैच लपकवाया।

IND vs NZ Live Score: भारत 11/1 (6 ओवर)

Mar 10, 2022  |  10:42 AM (IST)
जेस कर ने मेडन ओवर फेंका

जेस कर ने चौथा ओवर मेडन फेंका। उन्होंने मंधाना को कोई रन नहीं बनाने दिया। 

IND vs NZ Live Score: भारत 6/0 (4 ओवर)

Mar 10, 2022  |  10:33 AM (IST)
मैके ने किफायती ओवर किया

मैके ने एक और किफायती ओवर किया है। उन्होने तीसरे ओवर में एक रन दिया, जो मंधाना ने बनाया। 

IND vs NZ Live Score: भारत 6/0 (3 ओवर)

Chandrayaan 3