लाइव टीवी

IPL 2022: मिचेल मार्श ने राजस्थान के खिलाफ मचाया धमाल, 11 साल बाद चुने गए 'मैन ऑफ द मैच' 

Updated May 12, 2022 | 06:00 IST

आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे मिचले मार्श ने बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ धमाकेदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी करते टीम को जीत दिलाई और मैन ऑफ द मैच चुने गए।

Loading ...
मिचेल मार्श( साभार IPL)
मुख्य बातें
  • दिल्ली कैपिटल्स के लिए मार्श ने खेली 62 गेंद में 89 रन की मैच जिताऊ पारी
  • गेंदबाजी में भी 3 ओवर में 25 रन देकर चटकाए 2 विकेट
  • 11 साल बाद चुने गए आईपीएल में मैन ऑफ द मैच

मुंबई: आईपीएल 2022 में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर मिचेल मार्श लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को मार्श ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ऑलराउंडर प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले गेंदबाजी में कहर परपाया और 25 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके बाद धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंद में 89 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। मार्श दुर्भाग्यशाली रहे और अपना शतक पूरा नहीं कर पाए। लेकिन उन्हें बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

गेंदबाजी में चटकाए 25 रन देकर 2 विकेट 
मार्श ने गेंदबाजी के दौरान खलील अहमद की कमी टीम को नहीं खलने दी। उन्होंने चेतन सकारिया, एनरिक नॉर्खिया और शार्दुल ठाकुर का बखूबी साथ दिया और 3 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए। मार्श ने फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल और धमाकेदार अर्धशतक जड़ने वाले रविचंद्रन अश्विन का शिकार किया। 

पहले ही ओवर में उतरे बल्लेबाजी करने 
इसके बाद मार्श को श्रीकर भरत के पहले ही ओवर में पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा। मार्श ने हमवतन डेविड वॉर्नर के साथ मोर्चा संभाला। हालांकि मार्श की शुरुआत धीमी रही और उन्होंने पॉवरप्ले के खत्म होने तक 23 गेंद में 24 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने हमला बोला और 38 गेंद में अपना अर्धशतक 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद मार्श ने वॉर्नर के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 गेंद में शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। जिसमें 31 रन का योगदान वॉर्नर का और 67 रन का मार्श का था।

11 साल बाद चुने गए मैन ऑफ द मैच
मार्श ने इसके बाद और तेजी से रन बनाने और टीम को जल्दी जीत दिलाने की कोशिश में जुट गए। लेकिन 89 रन पर पहुंचने के बाद उन्होंने चहल की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश की और उसमें चूक गए और कुलदीप सेन के हाथों लपके गए। इसके साथ ही उनका शतक पूरा करने का अरमान अधूरा रह गया और वो 62 गेंद में 89 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 7 छक्के जड़े। टीम की 8 विकेट से जीत के बाद मिचेल मार्श को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह मार्श के आईपीएल करियर का दूसरा मैन ऑफ द मैच खिताब है। इससे पहले वो 11 साल पहले डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए मैन ऑफ द मैच बने थे। 

ऐसा रहा है आईपीएल करियर 
आईपीएल में दूसरी बार मैन ऑफ द मैच खिताब जीतने के लिए मार्श को 11 साल लंबा इंतजार करना पड़ा। मार्श हालांकि उसके बाद से चौथी और कुल छठी बार आईपीएल में शिरकत कर रहे हैं। अबतक खेले कुल 27 मैच में वो 21.79 के औसत से और 122.85 के स्ट्राइक रेट से 414 रन बना चुके हैं। 89 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस दौरान गेंदबाजी में वो 21.46 के औसत और 8.15 की इकोनॉमी के साथ 24 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं। 25 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।