लाइव टीवी

गुरुग्राम: वीडियो कॉल पर किसी और से बात कर रही थी बीजेपी की महिला नेता, पति ने गोली मारकर की हत्या

Updated Feb 10, 2020 | 00:16 IST

गुरुग्राम में भाजपा की महिला नेता की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी है। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार बताया जा रहा है।

Loading ...
BJP की महिला नेता को पति ने मारी गोली, वीडियो कॉल रही वजह!
मुख्य बातें
  • गुरुग्राम में भाजपा की महिला नेता की उसके पति ने गोली मारकर की हत्या
  • पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, पति को था पत्नी के चरित्र पर शक
  • शनिवार देर रात पत्नी वीडियो कॉल पर कर रही थी बात, पति ने देखा तो मारी गोली

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में भारतीय जनता पार्टी की एक महिला नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप महिला के पति पर ही लगा है जो फिलहाल फरार है। वारदात शनिवार रात की है जब मृतका मुनेश गोदारा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुनेश बीजेपी किसान मोर्चा की सदस्य थी। नेता होने की वजह से मुनेश को कई जगहों पर जाना पड़ता था और इसी वजह से पति उस पर शक करने लग गया था।

पति सुनील गोदारा को पत्नी का घूमना फिरना पंसद नहीं आ रहा था और वह पत्नि पर शक करने लगा था। मुनेश गोदारा के भाई एसके जाखड़ ने बताया, 'मुनेश हमारी छोटी बहन से फोन पर बात कर रही थी उसी दौरान उसे गोली मार दी गई। मुनेश ने उसे बताया कि उसे उसके पति ने गोली मार दी है।' आरोपी सुनील का परिवार मूल रूप से चरखी दादरी में रहता है और सुनील एक निजी कंपनी में पीएसओ की नौकरी करता है।

खबरों की मानें तो पति और पत्नी के बीच पिछले काफी समय से अनबन चल रही थी और दोनों में झगड़ा होते रहता था। शनिवार रात जब सुनील घर लौटा तो पत्नी वीडियो कॉल पर किसी से बात कर रही थी। जैसे सुनील ने यह देखा तो वह आग बबूला हो गया और दोनों में लड़ाई हो गई। इसी दौरान सुनील ने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और पत्नी पर गोलियां बरसा दी। मौके पर ही मुनेश की मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी सुनील की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है लेकिन वो फरार है। इस बीच पुलिस ने एक शख्स की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मुनेश से बात करने वाले शख्स औऱ उसकी पत्नी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।