लाइव टीवी

Man stabbed woman 18 times: सिरेफिरे आशिक ने युवती को 18 बार घोंपा चाकू, 2 महीने पहले ही हुई थी सगाई

Updated Nov 11, 2021 | 09:33 IST

Hyderabad news: तेलंगाना के हैदराबाद से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शख्‍स ने शादी से इनकार किए जाने पर युवती को 18 बार चाकू घोंप दिया। लड़की की दो महीने पहले ही किसी अन्‍य शख्‍स के साथ सगाई हुई थी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
सिरेफिरे आशिक ने युवती को 18 बार घोंपा चाकू, 2 महीने पहले ही हुई थी सगाई (iStock)

हैदराबाद : एकतरफा प्रेम किस कदर खतरनाक हो सकता है, यह एक बार फिर सामने आया, जब हैदराबाद में एक सिरफिरे शख्‍स ने शादी से इन‍कार किए जाने पर एक महिला को ताबड़तोड़ कई बार चाकू घोंप दिया। वारदात की नृशंसता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने महिला को एक-दो बार नहीं, बल्कि 18 बार चाकू घोंपा। इस वारदात से हर कोई सकते में है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना ग्रेटर हैदराबाद में रचकोंडा कमिश्नरेट के एलबी नगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत हस्तिनापुरम की है, जहां आरोपी शख्‍स ने युवती के कमरे में घुसकर उसे 18 बार चाकू घोंप दिया और फिर मौके से फरार हो गया। यह वारदात बुधवार की बताई जा रही है। प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक, आरोपी शख्‍स और युवती के बीच पूर्व में प्रेम संबंध रहा था, लेकिन आगे चलकर रिश्‍तों में खटास आ गई, जिसके बाद लड़की शादी से इनकार कर दिया था।

2 महीने पहले हुई थी लड़की की सगाई

लड़की की दो महीने पहले ही श्रीधर नाम के एक शख्‍स से सगाई हुई थी और उसके साथ ही उसकी शादी पक्‍की हुई थी। सिर‍फिरा आशिक लड़की के इनकार को बर्दाश्‍त नहीं कर सका और उसने उसकी जान ले ली। आरोपी शख्‍स ने हत्‍या की वारदात को हस्तिनापुरम के उस कमरे में अंजाम दिया, जहां वह लड़की रह रही थी। आरोपी युवक और मृत युवती दोनों विकाराबाद जिले के दौलताबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

इस वारदात में लड़की बुरी तरह घायल हो गई। लहू-लुहान लड़की को अस्‍पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस बीच पुलिस ने आरोपी शख्स को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।