लाइव टीवी

Delhi Chuanv 2020: शाह ने पूछा- निर्लज्ज होकर शाहीन बाग वालों के साथ खड़े होने वालों को क्या देना चाहिए वोट?

Updated Jan 24, 2020 | 20:16 IST

Delhi Assembly Election 2020: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को दिल्ली के करावल नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आप सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Loading ...
शाहीन बाग को लेकर अमित शाह ने केजरीवाल पर किया हमला
मुख्य बातें
  • दिल्ली में एक बार भाजपा की सरकार बना दो, जहां झुग्गी है वहीं उनको 2 रूम का पक्का फ्लैट देंगे- शाह
  • अमित शाह ने कहा कि जो दंगे कराते हैं, जो दंगों के लिए उकसाते हैं, उनको दिल्ली वालों ने वोट देना चाहिए?
  • अरविंद केजरीवाल ने 5 साल तक शासन करने के दौरान दिल्ली को पीछे ले जाने का काम किया- अमित शाह

नई दिल्ली: दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक दल एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को दिल्ली के करावल नगर में आयोजित जनसभा के दौरान आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने बड़े-बड़े वादे करके, दिल्ली में 5 साल तक शासन किया और दिल्ली को आगे ले जाने की जगह पीछे ले जाने का काम किया।

अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने कहा, 'जो अपने वोटबैंक के लालच में देश की सुरक्षा के साथ, देश के सम्मान के साथ, देश के जवानों के सम्मान के साथ, खिलवाड़ करते हैं, उन्हें वोट मांगने का अधिकार नहीं है। आज भी निर्लज्ज होकर कहते हैं हम शाहीन बाग वालों के साथ हैं। जो दंगे कराते हैं, जो दंगों के लिए उकसाते हैं, उनको दिल्ली वालों ने वोट देना चाहिए?'

केजरीवाल को याद दिलाए वादे

केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए अमित शाह ने कहा, 'केजरीवाल आज पुराने वादे याद नहीं करते हैं। वो जब भी आएं तो उन्हें पूछना कि नए स्कूल बनाने थे वो कहां हैं। 700 से ज्यादा स्कूलों में प्रधानाचार्य नहीं हैं। कई स्कूलों में विज्ञान संकाय नहीं है। स्कूलों में 19,000 शिक्षकों की कमी है। केजरीवाल ने कहा था कि 15 लाख सीसीटीवी कैमरा लगाएंगे। क्या सब जगह सीसीटीवी लगे हैं? 5,000 बसें खरीदने की बात कही थी। लेकिन सिर्फ 300 बसें खरीदकर मीडिया में खबर दे दी। अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने का वादा किया था, एक भी कर्मचारी को स्थाई नहीं किया। केजरीवाल ने कहा था कि यमुना जी को स्वच्छ कर देंगे। इन्होंने तो यमुना जी को स्वच्छ करने के बजाय दिल्ली के घरों में आने वाला पानी तक भी गंदा कर दिया है।'

जहां झुग्गी है वहीं भाजपा सरकार देगी 2 रूम का फ्लैट
भाजपा के वादे को याद दिलाते हुए गृह मंत्री ने कहा, 'दिल्ली में एक बार भाजपा की सरकार बना दो, जहां झुग्गी है वहीं उनको 2 रूम का पक्का फ्लैट देने का काम भाजपा सरकार करने वाली है। दिल्ली की जनता तक केजरीवाल सरकार ने 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज वाली आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं पहुंचने दिया। ये कहते हैं कि हमने मोहल्ला क्लीनिक खोले, आप ही बताओ कि आपका इलाज क्लीनिक में होना चाहिए या अच्छे से अच्छे अस्पताल में होना चाहिए।'

टुकड़े-टुकड़े गैंग का किया जिक्र

अमित शाह ने आगे कहा, 'कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू किया था। किसी में 370 को हटाने की हिम्मत नहीं थी। भाजपा कार्यकर्ता तो शुरुआत से नारा लगाते हैं कि जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है। नरेन्द्र मोदी जी ने अनुच्छेद 370 को उखाड़कर फेंक दिया। JNU में भारत विरोधी नारे लगाये, तो मोदी जी ने उन्हें जेल में डाल दिया। अब उनको सजा कराने के लिए दिल्ली सरकार की परमिशन चाहिए, लेकिन वो नहीं दे रहे। अगर केजरीवाल जी वोट मांगने आएं तो उन्हें कहना कि पहले टुकड़े-टुकड़े गैंग को सजा दिलवाने की परमिशन दीजिए केजरीवाल जी को मालूम नहीं है कि दिल्ली में एक तिहाई जनता विभाजन के बाद पाकिस्तान से यहां आकर बसी है। आज वो शरणार्थियों को नागरिकता देने का विरोध कर रहे हैं। इन्होंने अल्पसंख्यकों को भड़काकर दंगे कराए।'

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।