लाइव टीवी

बॉलीवुड में नेपोटिज्म को मात देकर, इन 10 सितारों ने हासिल किया स्टारडम

Updated Jul 04, 2020 | 21:59 IST

बॉलीवुड में नेपोटिज्म एक तल्ख हकीकत है। कई स्टार जहां नेपोटिज्म का शिकार हो गए, वहीं कई सितारों ने इसे मात देकर स्टारडम हासिल किया।

Loading ...
शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा और आयुष्मान खुराना।

एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या करने के बाद बॉलीवुड में नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) का मुद्दा गरमा गया है। सुशांत के फैंस समेत कई फिल्मी हस्तियों का कहना है कि नेपोटिज्म के चलते इंडस्ट्री में प्रतिभाशाली लोगों को जानबूझकर दबाया जा रहा है। वहीं, कइयों का यहां तक मानना है कि सुशांत ने आत्महत्या जैसा कदम नेपोटिज्म का शिकार होने की वजह से उठाया।

पटना के रहने वाले सुशांत ने टीवी इंडस्ट्री में कामयाबी के झंडे गाड़ने के बाद फिल्मी दुनिया का रुख किया था। उन्होंने साल 2013 में 'काय पो छे' फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उन्होंने तकरीबन सात साल के करियर में 11  फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया। वह कम वक्त में ही कड़ी मेहनत के दम पर स्टारडम पाने में सफल रहे थे। आइए जानते हैं सुशांत के अलावा और किन 10 सितारों ने नेपोटिज्म को मात देकर स्टारडम हासिल किया।

नेपोटिज्म को हराकर शोहरत की बुलंदियों को छूने का सबसे बड़ा उदाहरण अगर शाहरुख खान को कहा जाए तो शायद गलत नहीं होगा। उन्होंने इंडस्ट्री में आकर टैलेंट की बदौलत एक अलग पहचान बनाई और 'बॉलीवुड किंग' का तमगा हासिल किया। उन्होंने साल 1992 में फिल्मों में डेब्यू किया था और पिछले 28 साल से प्रासंगिक बने हुए हैं। हालांकि, पिछले कुछ सालों से शाहरुख की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास धमाल नहीं मचा पाई हैं।

सुपरस्टार अक्षय कुमार आज बॉक्स ऑफिस पर सफलता की गारंटी है। अक्षय का भी इंडस्ट्री में आने से पहले कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं था। खिलाड़ी कुमार ने एक्शन फिल्मों के जरिए खुद को स्थापित किया और फिर धीरे-धीरे अपनी एक्टिंग से लोगों का मन मोह लिया। अक्षय अब अहम सोशल मुद्दों पर बनी फिल्मों में काम करने के लिए भी जाने जाते हैं। वह करीब 29 साल से बॉलीवुड में सक्रिय हैं। उनकी पहली फिल्म 1991 में रिलीज हुई थी। 

एक्टर मनोज बाजपेयी एक जाना-पहचाना नाम है। कड़े संगर्ष के बाद बहुमुखी प्रतिभा के धनी मनोज को सफलता मिली। मनोज बाजपेयी को शेखर कपूर की 'बैंडिट क्वीन' फिल्म से पहला ब्रेक मिला था। साल 1996 में रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने अपनी जबरदस्त छाप छोड़ी थी। हाालंकि, उन्हें असल पहचान राम गोपाल वर्मा की 'सत्या' से मिली। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला था।

अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाली प्रियंका चोपड़ा अब एक इंटरनेशनल स्टार हैं। उन्होंने बरेली जैसे छोटे शहर से निकलकर बड़ा मुकाम हासिल किया। मिस वर्ल्ड रह चुकीं प्रियंका चोपड़ा करीब 18 सालों से फिल्मों में अपने जलवा बिखेर रही हैं। उनकी यह मेहनत लगातार जारी है। पहले उन्होंने खुद को बॉलीवुड में साबित किया और फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। अमेरिकी सीरीज 'क्वांटिको' में रोल निभाने के लिए उनकी काफी तारीफ हुई थी।

एक्टर इरफान खान अब हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग की छाप छोड़ी थी। इरफान ने राजस्थान के टोंक से निकलकर सफलता को हासिल किया था। इरफान को कई सालों तक मुश्किलों का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने पहली बार साल 1988 में फिल्मों में एक्टिंग की थी, मगर सभी का ध्यान उनपर साल 2003 में गया था। इस साल उनकी 'हासिल' फिल्म रिलीज हुई थी। 'हासिल' ने उनकी कामयाबी का ऐसा बिगुल बजाया जो उनकी मौत तक जारी रहा। उन्होंने इसी साल अप्रैल में दुनिया को अलविदा कह दिया।

एक्ट्रेस कंगना रनौत ने अपनी एक्टिंग के जादू से अलग रुतबा हासिल किया है। वह अपने दम पर फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर कामयाब बनाने का माद्दा रखती हैं। उन्होंने साल 2006 में गैंगस्टर फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा। उन्हें शुरू में ज्यादा अटेंशन नहीं मिली लेकिन तनु वेड्स मनु ने उन्हें रातों-रात सफलता के शिखर पर पहुंचा दिया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। कंगना इस वक्त बॉलीवुड में नेपोटिज्म के खिलाफ सबसे मुखर आवाज हैं। 

नवाजुद्दीन सिद्दीकी संघर्ष की आग में तपकर सफलता पाने वाले एक्टर हैं। उत्तर प्रदेश के छोटे से गांव बुढ़ाना में जन्मे नवाज ने फिल्मों में महज एक सीन करने से आगाज किया था। उन्हें अपनी प्रतिभा को साबित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्हें 'ब्लैक फ्राइडे' फिल्म से पहचान जरूर मिली मगर स्टारडम का दरवाजा साल 2012 में रिलीज हुई 'गैंग्स ऑफ वासेपुर 2' ने खोला। इस फिल्म के बाद वह कई कामयाब फिल्मों में अपनी अदाकारी का लौहा मनवा चुके हैं। वह अब फिल्मों में लीड रोल में भी नजर आते हैं।

बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना आज एक चहेते स्टार हैं। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर जमकर धूम मचाती हैं। उन्होंने पिछले 8 सालों में 15 फिल्मों में काम किया है, जिनमें से 11 फिल्मों ने अच्छा कमाई की। वह एक्टर के साथ-साथ एक शानदार सिंगर भी हैं। वह टीवी होस्ट और आरजे भी रह चुके हैं। उन्होंने कई सालों के संघर्ष के बाद साल 2012 में 'विक्की डोनर' फिल्म से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। उनकी कामयाबी का यह सफर दि-ब-दिन आगे बढ़ रहा है। उन्हें बेहतरीन अदाकारी के लिए नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। 

अनुष्का शर्मा का नाम बॉलीवुड की कामयाब अभिनेत्रियों में शुमार है। उन्होंने साल 2008 में शाहरुख खान के साथ 'रब ने बना दी जोड़ी' फिल्म से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। वह अब तक कई हिट फिल्में दे चुकी हैं। अनुष्का न सिर्फ सफल एक्ट्रेस हैं बल्कि बतौर प्रॉड्यूसर भी खुद को लगातार साबित कर रही हैं। उनका फिल्मों में आने से पहले इंडस्ट्री से कोई ताल्लुक नहीं था। उन्होंने सफलता की यह सीढ़ियां अपने दम पर चढ़ी हैं।

बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी मेहनत से फिल्म जगत में नाम कमाया है। उन्होंने पिछले 10 सालों में अपनी एक्टिंग की जो विविधता पेश की है, वो कम ही अभिनेताओं में देखने को मिलती है। हरियाणा के गुरुग्राम में जन्मे राजकुमार को स्कूली दिनों से ही एक्टिंग का शौक था। उन्हें अपने इस शौक को प्रोफेशन में बदला और लगातार कड़ी मेहनत की। उन्होंने छोटे-छोटे रोल से अपनी अलग पहचान बनाई लेकिन उन्हें ख्याति साल 2013 में रिलीज हुई 'शाहिद' फिल्म से मिली। उन्हें इस फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर के नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।