लाइव टीवी

जीरो के बाद नहीं हुई अनुष्‍का शर्मा की नई फिल्म की घोषणा, प्रेग्‍नेंसी से पहले ब्रेक चाहती थीं 'म‍िसेज कोहली'?

Updated Aug 29, 2020 | 11:14 IST

Anushka Sharma Upcoming Films 2021: विरुष्का शायद पिछले कुछ टाइम से फैमिली प्लानिंग कर रहे थे। यही वजह है कि अनुष्का शर्मा ने पिछले 2 साल से कोई फिल्म साइन नहीं की... 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspInstagram
अनुष्का शर्मा।
मुख्य बातें
  • अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने अपने पहले बच्चे की अनाउंसमेंट कर दी है।
  • अनुष्का शर्मा जनवरी 2021 में बच्चे को जन्म देंगी।
  • अब डिलीवरी के बाद ही अनुष्का किसी नए प्रोजेक्ट को साइन करेंगी।

अनुष्का शर्मा मां बनने वाली हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने पति विराट कोहली के साथ इस खबर की अनाउंसमेंट की है। विराट कोहली के साथ अनुष्का शर्मा ने बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए फोटो शेयर की है। साथ ही एक्ट्रेस ने बताया है कि जनवरी 2021 में वो बच्चे को जन्म देंगी। शायद विरुष्का पिछले कुछ टाइम से फैमिली प्लानिंग कर रहे थे और यही वजह है कि अनुष्का ने पिछले 2 साल से कोई फिल्म साइन नहीं की है। 

अनुष्का शर्मा आखिरी बार दिसंबर 2018 में आनंद एल राय की फिल्म जीरो में नजर आई थीं। इसमें उनके साथ शाहरुख खान और कटरीना कैफ थीं। हालांकि तब से अनुष्का शर्मा अपने प्रोडक्शन हाउस पर ध्यान दे रही हैं। वेब सीरीज पाताल लोक की भारी सफलता के बाद अनुष्का शर्मा वेब फिल्म बुलबुल लेकर आईं और इसे भी दर्शकों का खूब प्यार मिला है। अनुष्का शर्मा और उनके भाई कर्णेश शर्मा ने इसे को-प्रोड्यूज किया है।

प्रेग्नेंसी के बाद इस फिल्म में अनुष्का शर्मा करेंगी काम?
अनुष्का शर्मा को लेकर खबरें हैं कि वो अब बायोपिक में हाथ आजमाने वाली हैं। जनवरी 2020 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स से अनुष्का शर्मा की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं। इसमें वो झूलन गोस्वामी के साथ बातचीत करती दिखी थीं। तभी से ये रिपोर्ट्स आ रही हैं कि अनुष्का शर्मा महिला क्रिकेट टीम की पूर्व भारतीय कप्तान झूलन गोस्वामी की बायोपिक में काम कर सकती हैं। इसमें अनुष्का शर्मा ऑलराउंडर की मुख्य भूमिका निभाती नजर आ सकती हैं। 

रिपोर्टों की मानें तो अनुष्का शर्मा ने इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईएमपीपीए) के साथ दो टाइटल भी रजिस्टर्ड कराए हैं। जो कि 'चकदाह एक्सप्रेस'(Chakdaha Express) और 'चकदा एक्सप्रेस'(Chakda Express) हैं। हालांकि अभी फिल्म को लेकर स्क्रिप्टिंग और प्री-प्रोडक्शन काम कर चला रहा है। साथ ही इंतजार है तो अनुष्का शर्मा की तरफ से इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट का। 

प्रेग्नेंसी अनाउंसमेंट से पहले कराया फोटोशूट
बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा एक्टिंग के साथ-साथ अपने स्टाइल के लिए भी जानी जाती हैं। उन्होंने Vogue मैगजीन के लिए कवर फोटोशूट करवाया था जिसकी तस्वीरें जुलाई 2020 में अनुष्का शर्मा ने शेयर की थीं। बीच फोटोशूट में अनुष्का काफी खूबसूरत और स्टनिंग लुक में नजर आई थीं। इस फोटोशूट में अनुष्का इतनी खूबसूरत लग रही थीं कि उनके पति और क्रिकेटर विराट कोहली भी इसपर कमेंट करने से खुद को नहीं रोक पाए थे। 

12 साल पहले अनुष्का शर्मा ने किया था डेब्यू
अनुष्का शर्मा ने साल 2008 में फिल्म रब ने बना दी जोड़ी से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें वो शाहरुख खान के साथ नजर आईं। फिल्म दर्शकों को पसंद आई और अनुष्का ने अपनी दमदार एक्टिंग से पहली फिल्म से पहचान बना ली।

अब तक अनुष्का शर्मा ने कई फिल्मों में काम किया है, जिसमें बैंड बाजा बारात, जब तक है जान, दिल धड़कने दो, एनएच 10, सुईं धागा, सुल्तान, पीके और संजू जैसी फिल्में शामिल हैं। आज उनकी गिनती फिल्म इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में होती हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।