लाइव टीवी

Rishi Kapoor Death: कैंसर से हुआ ऋषि कपूर का निधन, एक साल तक न्यूयॉर्क में चला था इलाज

Updated Apr 30, 2020 | 09:48 IST

Rishi Kapoor Death reason: बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें साल 2018 में कैसर हुआ था जिसके बाद एक साल तक न्यूयॉर्क में उनका इलाज चला था।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspInstagram
Rishi Kapoor with Wife Neetu
मुख्य बातें
  • ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में निधन
  • तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में करवाया था भर्ती
  • साल 2018 में हुआ था ऋषि कपूर को कैंसर

बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। ऋषि कपूर को साल 2018 में कैंसर हुआ था जिसके बाद एक साल न्यूयॉर्क में उनका इलाज चला था। अब उन्हें फिर से  कैंसर हो गया था। 
 
साल 2018 में ऋषि कपूर को हुआ था कैंसर

ऋषि कपूर के कैंसर की जानकारी सिंतबर 2018 को सामने आई थी। कैंसर होने की बात सामने आते ही वो इलाज के लिए अपनी पत्नी नीतू कपूर के साथ 29 सिंतबर को न्यूयॉर्क रवाना हो गए। इस दौरान ऋषि कपूर ने ट्वीट करते हुए लिखा था, 'मैं छोटा से ब्रेक ले रहा हूं और अपने इलाज के लिए अमेरिका जा रहा हूं। मैं अपने शुभ चिंतकों से यह आग्रह करता हूं कि वो चिंता ना करें और गैरजरूरी अटकलें ना लगाएं। मैं जल्द वापस लौटूंगा।'

ऋषि कपूर के इस ट्वीट के बाद यह अटकलें लगाई जाने लगीं कि ऋषि कपूर को कैंसर हो गया है। रणधीर कपूर ने इन सभी खबरों का खंडन किया और कहा कि अभी हमें यह नहीं पता कि ऋषि कपूर को क्या हुआ है, यहां तक कि अभी वो खुद इस बारे में कुछ नहीं जानते। अभी उनके टेस्ट नहीं हुए हैं। इसके बाद जो भी जानकारी आएगी, वो आपको बता दिया जाएगा।

न्यूयॉर्क जाने के दो दिन बाद हुआ मां का निधन

ऋषि कपूर के लंदन रवाना होने के दो दिन बाद ही उनकी मां कृष्णा राज का निधन हो गया था और वो उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। बाद में ऋषि ने इसपर दुख जताते हुए कहा था, 'जब मैं घर से रवाना हुआ तब मां जानती थी कि मुझे कोई गंभीर बीमारी हुई है। मैं 29 सितंबर को अमेरिका के लिए रवाना हुआ और 1 अक्टूबर को उनका निधन हो गया।' 

घट गया था 24 किलो वजन

इलाज के दौरान ऋषि कपूर ने पॉजिटिव रहने की कोशिश की और इसमें उनकी पत्नी नीता हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं। ऋषि डॉक्टरों की निगरानी में रहते थे और शुरुआती समय उनके लिए मुश्किल भरा रहा। इलाज के दौरान उनकी खाना खाने की इच्छा नहीं होती थी और उनका 24 किलो वजन घट गया था। ऋषि कपूर अप्रैल में कैंसर फ्री हो गए थे जिसकी जानकारी रणधीर कपूर ने दी थी लेकिन वो देश नहीं लौट सकते थे क्योंकि उन्हें कुछ समय डॉक्टरों की निगरानी में रहना था।

भावुक हो गए थे ऋषि कपूर

इलाज के दौरान न्यूयॉर्क में रहते हुए ऋषि कपूर अपने परिवार को बहुत याद करते थे और जल्द से जल्द घर लौटना चाहते थे। इस दौरान उन्होंने भावुक होकर ट्वीट किया था कि क्या मैं कभी घर लौटूंगा? एक्टर ने लिखा था, 'आज मुझे न्यूयॉर्क में 8 महीने पूरे हो गए हैं, क्या मैं कभी घर लौटूंगा?'

इलाज में इस वजह से लगा समय

ऋषि कपूर को न्यूयॉर्क में इलाज करवाते हुए करीब 11 महीने का समय बीत गया था और उनके फैंस जानना चाहते थे कि आखिर उनके इलाज में इतना समय क्यों लग रहा है और वो कब देश वापस लौटेंगे। इसपर उन्होंने बताया, 'मुझे अपने इलाज के साइकल के लिए 6 से 8 हफ्ते इंतजार करना पड़ता था और यही वजह है कि मेरे इलाज में इतना ज्यादा समय लगा। अगर मैं मुंबई में होता तो यह मेरे लिए आसान होता लेकिन मेरी हालत को देखते हुए मुझे न्यूयॉर्क में रहना था।'

एक साल बाद लौटे थे भारत

ऋषि कपूर का एक साल तक न्यूयॉर्क में इलाज चलता रहा और इस दौरान नीतू और उनके बच्चे हमेशा साथ रहे थे। ऋषि सितंबर 2019 को देश लौट आए। इसके बाद उन्होंने अपनी फिल्मों की शूटिंग शुरू कर दी लेकिन इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। बीते दिनों ऋषि कपूर की तबीयत बिगड़ गई थी जब वो दिल्ली में शूटिंग कर रहे थे। उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद मुंबई में उनकी तबीयत बिगड़ी थी और बीते दिनों उन्हें फिर से अस्पताल में एडमिट करवाया गया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।