

Rishi Kapoor Property: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर इस दुनिया में नहीं रहे हैं। 30 अप्रैल की सुबह मुंबई के सर एच. एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में निधन हो गया है। वह 67 साल के थे और काफी वक्त से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन से हर कोई स्तब्ध है। ऋषि कपूर अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ कर गए हैं।
ऋषि कपूर का जन्म मुंबई (उस वक्त बॉम्बे) के चेंबुर में 4 सिंतबर 1952 में पंजाबी परिवार में हुआ था। उनका नाम ऋषि राज कपूर रखा गया था। ऋषि के दादा पृथ्वीराज कपूर थे। पृथ्वीराज कपूर भारतीय थिएटर और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के अग्रणी थे। ऋषि कपूर के दादा के बाद उनके पिता राज कपूर ने इंडस्ट्री की कमान संभाली। वे एक्टर, प्रोड्यूसर, डायरेक्टर थे। राज कूपर ने कृष्णा राज कपूर (मल्होत्रा) से शादी रचाई।
ऋषि कपूर राज कपूर के दूसरे बेटे थे। वहीं रणधीर कपूर और राजीव कपूर उनके भाई थे। ऋषि कपूर ने तीनों भाईयों में सबसे ज्यादा नाम कमाया और फिल्म इंडस्ट्री में सफलता का परचम लहराया। उनकी गिनती चॉकलेटी हीरो में की जाती थी। ऋषि की दो बहने ऋतु नंदा और रीम जैन हैं। ऋतु नंदा की कुछ वक्त पहले ही मौत हुई थी।
ऋषि कपूर ने 22 जनवरी 1980 को एक्ट्रेस नीतू कपूर (सिंह) से शादी रचाई थी। दोनों ने एक दर्जन से ज्यादा फिल्मों में साथ काम किया था। उनके दो बच्चे रणबीर कपूर और रिद्धिमा कपूर साहनी है। रिद्धिमा का जहां अपना जूलरी ब्रान्ड है, वहीं रणबीर कपूर बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर हैं।
बता दें कि लगभग 50 साल के सिनेमा करियर में ऋषि कपूर ने 100 से अधिक फिल्में कीं। पत्रिका डॉट कॉम की रिपोर्ट की मानें तो निधन से पहले उनकी कुल प्रॉपर्टी का आंकलन 300 करोड़ रुपये था। इस प्रॉपर्टी में घर के अलावा लग्जरी कारें शामिल हैं।