लाइव टीवी

'कृष्‍ण' के रोल के लिए तैयार नहीं थे सर्वदमन, भगवान के साक्षात दर्शन के बाद बदला था फैसला

Updated May 05, 2020 | 15:55 IST

Shri Krishna Throwback: रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक 'श्रीकृष्‍णा' में सर्वदमन डी बनर्जी कृष्‍ण का रोल करने को तैयार नहीं थे। फ‍िर एक द‍िन समंदर की लहरों में उन्‍हें भगवान के साक्षात दर्शन हुए।

Loading ...
Sarvadaman D Banerjee

Shri Krishna Throwback: रामायण और महाभारत जैसे धारावाहिकों के बाद अब रामानंद सागर के सीरियल 'श्रीकृष्‍णा' की टीवी पर वापसी हुई। दर्शक अभी श्रीकृष्‍ण की बाल लीलाओं का आनंद ले रहे हैं और जल्‍द ही वह उनकी महिमा देखेंगे। रामायण और महाभारत को मिले अभूतपूर्व प्‍यार के बाद दूरदर्शन ने श्रीकृष्‍णा शो के पुन: प्रसारण का फैसला लिया है। 3 मई से रोजाना रात नौ बजे यह धारावाहिक प्रसारित किया जा रहा है। 

रामानंद सागर का लोकप्रिय सीरियल श्रीकृष्‍णा दूरदर्शन पर 1993 से 1996 के बीच प्रसारित किया गया था। इस सीरियल में भगवान श्री कृष्ण का किरदार सर्वदमन डी. बनर्जी ने न‍िभाया था। सर्वदमन बनर्जी को काफी लोकप्रियता मिली। एक समय में घर घर में पहचाने जाते थे। लोग उन्‍हें भगवान कृष्‍ण ही समझते थे और उनकी पूजा करते थे। 

लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि सर्वदमन इस रोल के लिए राजी नहीं थे। आजतक की एक रिपोर्ट के अनुसार रामानंद सागर उन्‍हें भगवान कृष्‍ण बनाकर महाभारत के कृष्‍ण यानि नीतीश भारद्वाज को टक्‍कर देना चाहते थे लेकिन सर्वदमन का मानना था कि उनके भीतर भगवान शिव बसे हैं। रोल के ल‍िए हां कहने के लिए उन्‍होंने रामानंद सागर से 10 दिन मांगे। 

रिपोर्ट के अनुसार, सर्वदमन ने भगवान से प्रार्थना की कि वह उन्‍हें 10 दिन में कोई ऐसा संकेत दें जिससे उन्‍हें लगे कि वह कृष्‍ण का रोल कर सकते हैं। आठवें दिन वह डायरेक्‍टर बासु भट्टाचार्य के घर ऑटो से जा रहे थे। जब ऑटो समंदर किनारे से गुजर रहा था तो वह क्‍या देखते हैं, समंदर की लहरों में स्‍वयं भगवान कृष्‍ण नृत्‍य कर रहे हैं। यह देखकर सर्वदमन ऑटो में ही बेहोश हो गए और जब होश आया तो सीधे रामानंद सागर के घर गए।

बता दें कि इस शो में तीन कलाकार भगवान कृष्‍ण के रूप में नजर आए थे। बाल कृष्‍ण का किरदार अशोक कुमार ने निभाया था, वहीं जवान कृष्‍ण का किरदार स्‍वप्‍निल जोशी ने न‍िभाया था। स्‍वप्‍निल जोशी रामायण में कुश की भ‍ूमिका में नजर आए थे। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।