लाइव टीवी

मौसम 1 अक्टूबर: दिल्ली-NCR से हुई मानसून की वापसी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Updated Oct 01, 2020 | 05:30 IST

Aaj Ka Mausam (मौसम का हाल): दिल्ली-NCR में मानसून की वापसी हो गई है। सितंबर के महीने में कई दिनों तक बारिश नहीं हुई। आगे भी होने की कोई संभावना नहीं है।

Loading ...
दिल्ली एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली: दिल्ली से बुधवार को मानसून की वापसी हो गई और इस मौसम में शहर में 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि शहर में एक जून से 30 सितंबर के बीच औसत सामान्य बारिश 585.8 मिलीमीटर की तुलना में 467.7 मिलीमीटर बारिश हुई। विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून सामान्य से दो दिन पहले 25 जून को राष्ट्रीय राजधानी में पहुंच गया था और सामान्य से पांच दिन अधिक रहा। यह 25 सितम्बर तक राजधानी से वापसी कर जाता है।

आखिरी बार शहर में आठ सितंबर को बारिश दर्ज की गयी थी। इस साल के पहले सितंबर में सबसे कम बारिश 2004 में हुई थी। रोचक है कि इस साल अगस्त में दिल्ली में 237 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस तरह, पिछले सात साल में इस बार अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी।

बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आज यानी 1 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बारिश की संभावना नहीं

वहीं गुरुग्राम की बात करें तो बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके अलावा फरीदाबाद में बुधवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आसमान में बादल साफ रहेंगे। बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है।

इस साल सामान्य से ज्यादा बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि लगातार दूसरे साल देश में चार महीने के बारिश के मौसम के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश हुई। इस तरह पिछले 30 साल में तीसरी बार सबसे ज्यादा बारिश हुई है। देश में तीन महीने जून (118 प्रतिशत), अगस्त (127 प्रतिशत) और सितंबर (104 प्रतिशत) बारिश हुई जबकि जुलाई (90 प्रतिशत) में औसत से कम बारिश हुई । इस तरह मानसून के दौरान सामान्य से ज्यादा यानि 109 प्रतिशत बारिश हुई। इस साल 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सामान्य बारिश हुई जबकि नौ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ज्यादा बारिश हुई।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।