लाइव टीवी

'कांग्रेस ने एक बब्बर शेर खो दिया'; राहुल गांधी और प्रियंका ने इस तरह दी राजीव त्यागी को श्रद्धांजलि

Updated Aug 12, 2020 | 22:55 IST

Rajiv Tyagi death: कांग्रेस नेता तथा प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Loading ...
कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का निधन
मुख्य बातें
  • कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
  • बुधवार शाम को एक टीवी डिबेट के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा
  • राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उनके निधन पर शोक जताया है

नई दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 52 साल के थे। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दुख जताते हुए कहा कि त्यागी विचारधारा के प्रति समर्पित नेता थे। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने आज अपना एक ‘बब्बर शेर’ खो दिया। पार्टी सूत्रों ने कहा कि गाजियाबाद के वैशाली में अपने आवास पर एक टीवी परिचर्चा में भाग लेने के कुछ ही देर बाद त्यागी को दिल का दौरा पड़ा और वह बेहोश हो गए। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह बच नहीं सके। 

यशोदा अस्पताल के डॉक्टर पद्म सिंह पाल के मुताबिक, राजीव त्यागी की तबियत अचानक से खराब हुई और करीब साढ़े छह बजे उन्हें अस्पताल लाया गया। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली और दूसरी आपात सेवाओं की मदद से बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उनका निधन हो गया। त्यागी ने आखिरी ट्वीट किया था कि वह शाम पांच बजे एक टीवी परिचर्चा में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, उनके निधन की जानकारी मिलने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने त्यागी की पत्नी से फोन पर बात कर ढांढस बंधाया और संवेदना प्रकट की। सूत्रों ने यह भी बताया कि त्यागी का कल दिन में गाजियाबाद के हिंडन नदी के समीप श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख प्रकट करते हुए ट्वीट किया, 'कांग्रेस ने आज अपना एक बब्बर शेर खो दिया। राजीव त्यागी का कांग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा, हमेशा याद रहेगा। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि व परिवार को संवेदनाएं।'

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी जी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुःख है। हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति है। राजीव जी विचारधारा के प्रति समर्पित योद्धा थे। समस्त उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से परिजनों को हृदय से संवेदना। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।