लाइव टीवी

अब ऐसा दिखता है दाऊद का करीबी सहयोगी अंडरवर्ल्ड डॉन एजाज लकड़ावाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Updated Jan 09, 2020 | 21:26 IST

Ejaz Lakdawala Arrested: अंडरवर्ल्ड डॉन एजाज लकड़ावाला को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसे एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। लकड़ावाला अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाता है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
एजाज लकड़ावाला गिरफ्तार

मुंबई : अंडरवर्ल्ड डॉन एजाज लकड़ावाला को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसे पटना एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। लकड़ावाला अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाता है। लकड़ावाला पर फिरौती सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुंबई पुलिस ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लकड़ावाला विदेश में बैठकर फोन से मुंबई में लोगों को धमकाता था। मुंबई पुलिस ने इसे पटना से गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लकड़ावाला के खिलाफ 25 केस मुंबई में दर्ज हैं। इसके अलावा देश भर में उसके खिलाफ केस के बारे में पता किया जा रहा है। लकड़ावाला की 21 जनवरी तक की पुलिस रिमांड मिली है। 

इस बड़ी गिरफ्तारी के बारे में मुंबई पुलिस ने बताया कि लकड़ावाला को अरेस्ट करने के लिए पिछले छह महीने में प्रयास तेज कर दिए थे लेकिन पुलिस को इस मामले में बड़ी कामयाबी तब मिली जब उसकी लड़की को गिरफ्तार किया गया। लकड़ावाला की लड़की को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसे दबोचने का प्लान तैयार किया गया। इस भगोड़े अपराधी को बुधवार को पटना से गिरफ्तार किया गया और उसके बाद उसे मुंबई लाया गया।

मुंबई पुलिस लंबे समय से लकड़ावाला को गिरफ्तार करना चाहती थी लेकिन वह कई नामों से पुलिस को चकमा देता आ रहा था। साल 2003 में अफवाह उड़ी की बैंकॉक में डी-कंपनी और छोटा राजन के बीच हुई गैंगवार में वह मारा गया लेकिन बताया जाता है कि इस गैंगवार में वह बच गया और इस घटना के बाद कनाडा चला गया।

इंटरपोल की रेड कॉर्नर नोटिस के चलते साल 2004 में उसे कनाडा पुलिस ने गिरफ्तार किया। मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में गत मार्च में लकड़वाला और उसके भाई आखिल के खिलाफ केस दर्ज हुआ। आखिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को लकड़ावाला की बेटी सोनिया की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली। 

आखिल की सूचनाओं पर पुलिस ने गत 27 दिसंबर को सोनिया को गिरफ्तार किया और अब केंद्रीय एजेंसियों की मदद से मुंबई पुलिस को लकड़ावाला को दबोचने में सफलता मिली। बताया जा रहा है कि नेपाल में रहते हुए वह दाऊद के लिए काम कर रहा था। मुंबई पुलिस का कहना है कि चूंकि लकड़ावाला डी-कंपनी से जुड़ा हुआ था इसलिए उसे उम्मीद है कि दाऊद के बारे में वह महत्वपूर्ण जानकारियां देगा। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।