लाइव टीवी

Gujarat local body polls: परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, बेटे जय शाह भी दिखे साथ

Updated Feb 21, 2021 | 10:49 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Gujarat civic polls 2021: गुजरात के 6 बड़े शहरों में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आज मतदान हो रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने भी अहमदाबाद में मतदान किया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे अमित शाह

नई दिल्ली: गुजरात में छह नगर निगमों के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, जामनगर और भावनगर के छह नगर निगमों के विभिन्न वार्डों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अहमदाबाद के नारनपुरा सब जोनल ऑफिस में वोट डाला। इस दौरान उनके बेटे और BCCI सेक्रेटरी जय शाह भी दिखे।

मुख्यमंत्री विजय रूपानी के भी अपने गृहनगर राजकोट में मतदान करने की संभावना है, जिन्हें कुछ दिन पहले चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। 

AAP और AIMIM भी मैदान में

इन चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा और मुख्य विपक्षी कांग्रेस के बीच है। भाजपा का पिछले कई कार्यकाल से इन छह नगर निगमों पर शासन रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया है कि वह भाजपा और कांग्रेस के सामने एक प्रभावी विकल्प होगी, जबकि असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव लड़ रही है।

चुनाव से जुड़ी जरूरी जानकारी

अधिकारियों ने कहा कि 575 सीटों पर मतदान के लिए लगभग 32,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रत्येक वार्ड में चार पार्षद हैं। छह नगर निगमों में कुल 2,276 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा, जूनागढ़ नगर निगम में दो सीटों पर उपचुनाव के लिए नौ उम्मीदवार भी मैदान में हैं। चुनाव लड़ने वालों में भाजपा से 577, कांग्रेस से 566, आप से 470, राकांपा से 91, अन्य दलों से 353 और 228 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल 1.14 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 60.60 लाख पुरुष और 54.06 लाख महिलाएं शामिल हैं। 11,121 मतदान केंद्रों में से 2,255 को संवेदनशील और 1,188 को अति संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।