लाइव टीवी

Nitish Kumar : जानिए वो बातें, जो आप बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बारे में शायद ही जानते होंगे

Updated Nov 16, 2020 | 21:02 IST

नीतीश कुमार ने 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यहां जानिए उनके बारे में जो अब तक आप शायद ही जानते होंगे। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
मुख्य बातें
  • नीतीश कुमार ने 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
  • तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं
  • बीजेपी के 7 मंत्रियों, जदयू से 5 मंत्रियों और हम पार्टी व वीआईपी पार्टी से 1-1 मंत्रियों ने शपथ ली

पटना: नीतीश कुमार ने सोमवार (16 नवंबर, 2020) को 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नीतीश कुमार के साथ बीजेपी के 07 मंत्रियों, जदयू से 05 मंत्रियों और हम पार्टी व वीआईपी पार्टी से 1-1 मंत्रियों ने शपथ ली। बीजेपी विधायक दल के नेता एवं कटिहार से विधायक तारकिशोर प्रसाद और उपनेता और बेतिया से विधायक रेणु देवी ने भी शपथ ली। तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इसमें बीजेपी से अधिक मंत्रियों ने शपथ ली। क्योंकि चुनाव में बीजेपी को 74 सीटें मिलीं जो जदयू को मिली 43 सीटों से 31 सीट अधिक है। आइए जानते हैं सीएम नीतीश कुमार के बारे में वो बातें जो आप शायद ही जानते होंगे। 

  1. नीतीश कुमार ने 20 साल में 7 वीं बार सीएम पद की शपथ ली।
  2. नीतीश कुमार का उपनाम मुन्ना है।
  3. उन्हें सुशासन बाबू के नाम से भी जाना जाता है।
  4. नीतीश कुमार के पिता कविराज राम लखन सिंह एक स्वतंत्रता सेनानी थे और एक आयुर्वेदिक प्राइक्टिशनर  भी थे।
  5. नीतीश कुमार एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने राजनीति में प्रवेश करने से पहले बिहार राज्य विद्युत बोर्ड में ज्वाइन भी किया था।
  6. नीतीश कुमार ने 1971 में राम मनोहर लोहिया की युवा शाखा के सदस्य के रूप में राजनीति में कदम रखा, जिसे समाजवादी युवजन सभा कहा जाता था।
  7. नीतीश कुमार 1974 से 1977 के बीच जयप्रकाश नारायण के आंदोलन या जेपी आंदोलन में सक्रिय भागीदार थे।
  8. वह 1985 में पहली बार बिहार विधानसभा के लिए चुने गए थे।
  9. नीतीश कुमार 1987 में युवा लोकदल के अध्यक्ष और दो साल बाद जनता दल के महासचिव बने।
  10. नीतीश कुमार 1989 में लोकसभा सदस्य चुने गए और बिहार से 5 बार संसदीय चुनाव जीते।
  11. नीतीश कुमार 2000 में पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने लेकिन केवल एक सप्ताह तक ही इस पद पर रह पाए।
  12. नीतीश कुमार 2005 में बिहार के 31वें मुख्यमंत्री बने और मई 2014 से फरवरी 2015 तक जीतन राम मांझी ने यह पद संभाला।
  13. नीतीश कुमार की पत्नी का देहांत हो चुका है और उनको एक बेटा है जिसका नाम निशांत है।

उधर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई देते हुए सोमवार को कहा कि आशा करता हूं कि कुर्सी की महत्वाकांक्षा की बजाय बिहार की जनाकांक्षा और सकारात्मक मुद्दों को सरकार की प्राथमिकता बनाएंगे। आरजेडी ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया था। तेजस्वी ने ट्वीट किया कि आदरणीय नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री ‘मनोनीत’ होने पर शुभकामनाएं। आशा करता हूं कि कुर्सी की महत्वाकांक्षा की बजाय वो बिहार की जनाकांक्षा एवं एनडीए के 19 लाख नौकरी-रोजगार और पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई जैसे सकारात्मक मुद्दों को सरकार की प्राथमिकता बनाएंगे। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।