लाइव टीवी

लॉकडाउन में बांद्रा में उमड़ी थी हजारों की भीड़, मुंबई पुलिस ने दर्ज कीं 3 FIR, 9 गिरफ्तार

Updated Apr 15, 2020 | 18:35 IST

Mumbai bandra gathering: मंगलवार को मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर इकट्ठी हुई प्रवासी मजदूरों की भीड़ के मामले में मुंबई पुलिस ने 3 FIR दर्ज की हैं और एक शख्स को गिरफ्तार भी किया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
मुंबई के बांद्रा में उमड़ी थी भीड़

नई दिल्ली: मुंबई पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (DCP) (जोन IX) अभिषेक त्रिमुखे ने कहा कि मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बांद्रा रेलवे स्टेशन पर इकट्ठी हुई भीड़ के मामले में 3 एफआईआर दर्ज की हैं। उन्होंने कहा, 'हम वीडियो और सभी जानकारियों को देख रहे हैं। तीन मामलों में से एक में आरोपी विनय दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक स्थानीय अदालत ने उसे 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।' दुबे पर 18 अप्रैल को आंदोलन करने की धमकी देने के लिए भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 117, 153 ए, 188, 269, 270 और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दुबे पर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रवासी मजदूरों को उकसाने का आरोप लगा है।

बांद्रा पुलिस द्वारा इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र साइबर यूनिट ने मुंबई पुलिस से 30 ट्विटर, फेसबुक और यू-ट्यूब के एकाउंट्स की जानकारी साझा की है, जहां से सांप्रदायिक और फेक मैसेजेस फैलाए गए। इन सभी 30 खातों पर नजर रखी जा रही है।

प्रवासियों की भीड़ उमड़ी
14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा में 1500 के करीब प्रवासी मजदूर इकट्ठे हुए और उन्होंने अपने-अपने गृह नगरों में जाने के लिए परिवहन की मांग की। बताया जा रहा है कि मजदूरों से कहा गया कि 14 को लॉकडाउन खत्म हो रहा है, जिसके बाद ट्रेनों को संचालन शुरू हो जाएगा, जबकि 14 अप्रैल को सुबह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया गया। इस दौरान कोई ट्रेन, बस या हवाई उड़ान चालू नहीं रहेगी। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। 

CM ठाकरे ने दिया प्रवासियों को आश्वासन 
इसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी प्रवासी मजदूरों से जहां हैं, वहीं बने रहने की अपील की। उन्होंने कहा, 'कोई भी नहीं चाहता है कि आप अपनी इच्छा के बिना लॉकअप में रहें। लॉकडाउन का मतलब लॉकअप नहीं है। यह हमारा देश है। आप (प्रवासी मजदूर) मेरे राज्य में सुरक्षित हैं, चिंता न करें। जिस दिन लॉकडाउन उठाया जाएगा, केवल मैं ही नहीं, बल्कि केंद्र भी आपके लिए व्यवस्था करेगा।' 

पत्रकार के खिलाफ FIR दर्ज
इसके अलावा एक टीवी पत्रकार के खिलाफ भी उस खबर को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई जिसमें कहा गया था कि ट्रेन सेवाएं बहाल होंगी, जिसके कारण उपनगर बांद्रा में मंगलवार को प्रवासी कामगार उमड़ पड़े। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले के आरोपी राहुल कुलकर्णी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस उसे मुंबई ला रही है। हाल ही में एक खबर में कुलकर्णी ने कहा था कि लॉकडाउन के कारण फंसे हुए लोगों के लिए जन साधारण विशेष ट्रेनें बहाल होंगी। उस पर आईपीसी की धारा 188, 269, 270 और 117 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।