लाइव टीवी

PM Modi on Rishi Kapoor: PM मोदी बोले- बहुआयामी प्रतिभा के पावरहाउस थे ऋषि कपूर, निधन से स्तब्ध हूं

Updated Apr 30, 2020 | 11:49 IST

PM Modi on Rishi Kapoor Death- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसिद्ध अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि ऋषि कपूर के निधन की खबर सुनकर वह स्तब्ध हैं।

Loading ...
ऋषि कपूर के निधन से स्तब्ध हूं: पीएम मोदी
मुख्य बातें
  • ऋषि कपूर के निधन पर बोले PM मोदी- बहुआयामी प्रतिभा के पावरहाउस थे ऋषि
  • गुरुवार सुबह ऋषि कपूर ने ली थी आखिरी सांस, दो साल से कैंसर से लड़ रहे थे जंग
  • मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंंडेशन अस्पताल में ऋषि कपूर को भर्ती कराया गया था

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसिद्ध अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि ऋषि कपूर के निधन की खबर सुनकर वह स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में भगवान उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'बहुआयामी, प्रिय और जीवंत अभिनेता थे ऋषि कपूर जी। वह प्रतिभा के पावरहाउस थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को याद रखूंगा यहां तक कि सोशल मीडिया पर भी। वह फिल्मों और भारत की प्रगति लेकर फिक्रमंद रहते थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।'

गुरुवार सुबह ली अंतिम सांस

ऋषि कपूर ने आज सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में अंतिम सांस ली। ऋषि कपूर पिछले दो साल से कैंसर से जंग लड़ रहे थे।गुरुवार शाम को अचानक से तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था। ऋषि कपूर के निधन पर  फिल्म जगत के अलावा राजनीतिक जगत ने भी दुख जताया है। उपराष्ट्रपति वैंकेया नायूडू ने भी ऋषि कपूर के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है।

उपराष्ट्रपति ने भी जताया दुख

नायडू ने अपने शोक संदेश में कहा, 'हिंदी सिनेमा के प्रख्यात कलाकार और वरिष्ठ अभिनेता ऋषि कपूर के असामयिक निधन के दुखद समाचार से स्तब्ध हूं। उन्होंने अपनी बहुमुखी अभिनय प्रतिभा से भारतीय दर्शकों को दशकों तक मंत्रमुग्ध रखा और उन चरित्रों को हमारी स्मृति में अमर कर दिया। वे एक करिश्माई अभिनेता थे जिन्हें कई पीढ़ियों का स्नेह प्राप्त था। सच्चे कलाकार अपने कृतित्व के माध्यम से, अपने प्रशसंकों के मन मस्तिष्क में सदैव अमर रहते हैं।'

2018 में चला था कैंसर का पता

आपको बता दें कि ऋषि कपूर को 2018 में कैंसर का पता चला था। इसके बाद वह अपनी पत्नी नीतू सिंह के साथ न्यू यॉर्क में इलाज के लिए गए थे। वहां लगभग एक साल तक इलाज कराने के बाद वह 2019 सितंबर में भारत लौट आए थे। ट्विटर पर काफी सक्रिय रहने वाले ऋषि कपूर राजनीतिक मसलों पर भी अपनी बेबाक राय रखते थे।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।