लाइव टीवी

चेतन चौहान के निधन पर PM मोदी, अमित शाह सहित दिग्‍गजों ने जताया शोक, बताया- शानदार क्रिकेटर, बेहतरीन नेता

Updated Aug 16, 2020 | 21:08 IST

PM Modi pays tribute to Chetan Chauhan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व क्रिकेटर और यूपी सरकार में मंत्री चेतन चौहान के निधन पर शोक जताया है। उन्‍होंने ट्वीट कर क्रिकेट से राजनीति के उनके सफर को याद किया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
चेतन चौहान के निधन पर PM मोदी, अमित शाह सहित दिग्‍गजों ने जताया शोक, बताया- शानदार क्रिकेटर, बेहतरीन नेता
मुख्य बातें
  • पूर्व भारतीय क्रिकेटर और यूपी सरकार में मंत्री चेतन चौहान का निधन हो गया है
  • वह कोरोना संक्रमित थे और उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था
  • पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित दिग्‍गजों ने उनके निधन पर शोक जताया है

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित राजनीतिक जगत की तमाम हस्तियों ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री चेतन चौहान के निधन पर शोक जताया है। चेतन चौहान का रव‍िवार को निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उनका क‍िडनी भी फेल हो गया था और बाद में मल्टी ऑर्गन फेलियर की बात डॉक्‍टर्स ने बताई।

पीएम मोदी ने जताया शोक

पीएम मोदी ने ट्वीट कर चौहान के निधन पर शोक जताया और क्रिकेट से राजनीति तक में उनके शानदार सफर को याद किया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'चेतन चौहान जी ने खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक उद्यमी राजनीतिक नेता के रूप में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने यूपी में सार्वजनिक सेवा और भाजपा को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त करता हूं। ओम शांति।'

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री किरेन रिज‍िजू, अनुराग ठाकुर सहित राजनीतिक जगत की तमाम हस्तियों ने चेतन चौहान के निधन पर शोक जताया है। जानें पूर्व क्रिकेटर और यूपी सरकार में मंत्री चौहान के निधन पर किसने क्‍या कहा: 

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू : उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने चेतन चौहान के निधन पर शोक जताते हुए कहा, 'पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश के मंत्री चेतन चौहान जी के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने क्रिकेट के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया और दो कार्यकाल के लिए संसद सदस्य के रूप में भी काम किया। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।'

अमित शाह : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री व पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान जी ने अपने जीवन में पहले एक खिलाड़ी के रूप में और बाद में एक जनसेवक के रूप में देश की सेवा की। उनका निधन भारतीय राजनीति और क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ॐ शांति।

किरेन रिजिजू : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और यूपी सरकार में मंत्री चेतन चौहान के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। मैंने कई मौकों पर उनके साथ यादगार पल बिताए। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

अनुराग ठाकुर : यह अविश्वसनीय है कि चेतन चौहान जी अब हमारे बीच नहीं हैं। क्रिकेटर और राजनेता होने के साथ-साथ वह एक बेहतरीन इंसान थे।

शिवराज सिंह चौहान : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर चेतन चौहान को श्रद्धांजलि दी। उन्‍होंने लिखा, 'पूर्व क्रिकेटर, उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान जी के आकस्मिक निधन के समाचार से स्तब्ध और दु:खी हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!'

चेतन चौहान उत्तर प्रदेश कैबिनेट में सैनिक कल्याण, होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा मंत्री थे। सियासत से पहले उन्‍होंने क्रिकेट में शानदार पारी खेली। उनकी गिनती भारतीय क्रिकेट के मशहूर बल्लेबाजों में होती है। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्‍हें 12 जुलाई को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में भर्ती कराया गया था। बाद में किडनी खराब हो जाने के कारण उनका स्‍वास्‍थ्‍य बिगड़ता चला गया, जिसके बाद उन्‍हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन शुक्रवार रात को उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया और उन्हें वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। करीब 36 घंटे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखे जाने के बाद रव‍िवार को उनका निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी और बेटा विनायक हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।