लाइव टीवी

UP Panchayat polls 2021: सैफई ब्लॉक में खत्म होगी मुलायम परिवार की बादशाहत! आरक्षण सूची से लगा झटका

Updated Mar 03, 2021 | 11:04 IST

Saifai block pramukh seat : वर्ष 1995 में सैफई ब्लॉक बना था। तब से अभी तक यह पद अन्य वर्ग के अंतर्गत आरक्षित या अनारक्षित रहा है। यही नहीं सैफई गांव में प्रधान का पद भी आरक्षित घोषित हुआ है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
सैफई ब्लॉक में खत्म होगी मुलायम परिवार की बादशाहत!

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की आरक्षण सूची मंगलवार को जारी कर दी गई। इस सूची के जारी हो जाने के बाद दबदबे वाले कई छत्रपों के सियासी मंसूबों पर पानी फिर गया है। कई क्षेत्रों में लोग अपनी उम्मीद के मुताबिक चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हुए थे लेकिन अनंतिम आरक्षण सूची जारी होने से उनके सियासी समीकरण को झटका लगा है। इसमें सैफई ब्लॉक प्रमुख की सीट भी शामिल है। सैफई ब्लॉक प्रमुख सीट पर मुलायम सिंह यादव परिवार का करीब 25 सालों से दबदबा रहा है। इस सीट पर यादव परिवार का करीबी काबिज होता आया है लेकिन इस बार यह सीट एससी महिला के लिए आरक्षित हुई है। समझा जाता है कि किसी दलित महिला के ब्लॉक प्रमुख चुने जाने पर इस सीट पर मुलायम परिवार की बादशाहत खत्म हो जाएगी।   

1995 ब्लॉक बना था सैफई
वर्ष 1995 में सैफई ब्लॉक बना था। तब से अभी तक यह पद अन्य वर्ग के अंतर्गत आरक्षित या अनारक्षित रहा है। यही नहीं सैफई गांव में प्रधान का पद भी आरक्षित घोषित हुआ है। सैफई ब्लॉक प्रमुख पद पर पहली बार मुलायम सिंह के भतीजे रणवीर सिंह यादव काबिज हुए थे। वे लंबे समय तक इस पद पर बने रहे। बाद में यह सीट धर्मेंद्र यादव के पास आई। धर्मेंद्र के सांसद बन जाने के बाद यह सीट तेज प्रताप यादव ने संभाली। इस तरह से लंबे समय से यादव परिवार से जुड़ा व्यक्ति सैफई ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी संभालता रहा है। लेकिन इस बार यह सीट दलित महिला के लिए आरक्षित हो गई है। 

पंचायत चुनाव की बड़ी बातें

  1. इस लिस्ट पर आठ मार्च तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी
  2. 12 मार्च तक इन सभी आपत्तियों के निस्तारण का लक्ष्‍य तय किया गया है
  3. आरक्षण की अंतिम सूची 15 मार्च तक आने की संभावना है 
  4. यूपी में पंचायत चुनाव चार चरणों में कराए जा सकते हैं
  5. 10 अप्रैल से हो सकती है पंचायत चुनाव की शुरुआत
  6. इस बार 57,207 प्रमुखों का चुनाव कराया जाना है

जसवंतनगर ब्लॉक भी महिला के लिए आरक्षित
अनंतिम आरक्षण सूची में ताखा ब्लॉक प्रमुख सीट को ओबीसी महिला बसरेहर को अनारक्षित, जसवंतनगर को महिला, भरथना को ओबीसी, बढ़पुरा को ओबीसी, महेवा को एससी और चकरनगर को अनारक्षित घोषित किया गया है। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।