लाइव टीवी

Trump: भारत दौरे पर डोनाल्ड ट्रंप का परिवार, साथ आएगा 12 सदस्यीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल

Updated Feb 22, 2020 | 11:26 IST

Trump Family India Visit: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 24 और 25 फरवरी की भारत यात्रा पर बेटी उनकी बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनेर भी साथ आ रहे हैं  

Loading ...
उच्चस्तरीय शिष्टमंडल में उनकी बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर भी होंगे

नयी दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान उनके साथ आने वाले उच्चस्तरीय शिष्टमंडल में उनकी बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर भी होंगे। ट्रंप की 24 और 25 फरवरी की भारत यात्रा में उनके साथ पत्नी मेलानिया ट्रंप भी होंगी। इस शिष्टमंडल में वित्त मंत्री स्टीवन म्नूचिन और वाणिज्य मंत्री बिल्बर रोस भी होंगे।अमेरिकी राष्ट्रपति 24 फरवरी को अहमदाबाद पहुंचेंगे। अहमदाबाद से वह आगरा जाएंगे और यात्रा के मुख्य चरण में राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। 

12 सदस्यों का शिष्टमंडल साथ में
ट्रंप के साथ 12 सदस्यीय शिष्टमंडल भी साथ आ रहा है जिसमें राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार स्टीफन मिलर, ट्रम्प के अधिकारी लिंडसे रेनॉल्ड्स, व्हाइट हाउस के सलाहकार रॉबर्ट ब्लेयर और व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव स्टेफनी ग्रिशम, भारत में अमेरिकी राजदूत केनेथ जस्टर, ऊर्जा सचिव डैन ब्रोइलेट, व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ मिक मुलवेनी, व्हाइट हाउस के सोशल मीडिया चैनल के सचिव डैन स्काविनो और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप शामिल हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को दो दिवसीय भारत यात्रा पर भारत आ रहे हैं। उनके स्वागत में जोरदार तैयारियां चल रही है।

वह सबसे पहले पीएम मोदी के गृह प्रदेश गुजरात के अहमदाबाद में आएंगे। उसके बाद आगरा और दिल्ली आएंगे। यह ट्रंप की पहली भारत यात्रा होगी।

ट्रंप साबरमती स्थित गांधी आश्रम का भी दौरा करेंगे। वे अहमदाबाद हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद यहां से आश्रम और फिर वहां से मोटेरा स्टेडियम जाएंगे। यहां से मार्ग में वह एक रोड शो करेंगे, जहां गणमान्य लोगों का स्वागत किया जाएगा। देश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले विभिन्न झांकी की व्यवस्था भी की गई है।

ट्रंप बोले भारत में उनका भव्य स्वागत होगा
वहीं भारत दौरे से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोलोरेडो में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अहमदाबाद में एक करोड़ लोग मेरा स्वागत करेंगे। साथ ही कहा कि थोड़ी बहुत बिजनेस की भी बात होगी।

ट्रंप ने शुक्रवार को एक और दावा किया कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अहमदाबाद में 22 किलोमीटर लंबी सड़क के किनारे 10 मिलियन (एक करोड़) लोगों के आने की उम्मीद है जब वह अगले सप्ताह भारत जाएंगे।

राष्ट्रपति ट्रंप का यह नया दावा अहमदाबाद नगरपालिका द्वारा भीड़ के बहुत कम का अनुमान लगाने के बावजूद आया है। इससे पहले उन्होंने 70 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया था। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।