लाइव टीवी

'Navbharat Navnirman Manch': स्मृति ईरानी ने बताया- क्यों अमेठी छोड़कर गए राहुल गांधी 

Updated Sep 15, 2021 | 17:19 IST

टाइम्स नाउ नवभारत 'नवभारत नवनिर्माण मंच': केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अभी भी टोटी और टॉयलेट में फंसे हैं।

Loading ...
मुख्य बातें
  • राहुल गांधी पर स्मृति ईरानी ने कहा कि जो भारत माता के टुकड़े करने की बात करे, जो टोपी पहने उसे उपदेश देने का अधिकार नहीं है।
  • केंद्रीय मंत्री ने सपा नेता अखिलेश यादव पर कहा कि वह अभी भी टोटी और टॉयलेट में फंसे हैं। 
  • 'नवभारत नवनिर्माण मंच' से ऑन लाइन जुड़ीं केंद्रीय मंत्री ईरानी

लखनऊ : 'नवभारत नवनिर्माण मंच' से केंद्रीय महिला विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार विकास कार्यों के नए आयाम छू रही है। यूपी में हर जिले का विकास हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केवल उनके निर्वाचन क्षेत्र अमेठी में 500 करोड़ रुपए से सड़क निर्माण हुआ है। ईरानी ने विपक्ष से सवाल किया कि सत्ता में रहते हुए उसने विकास कार्य क्यों नहीं किया। टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में ईरानी ने कहा कि विपक्ष तुष्टिकरण की राजनीति करता है। 

यूपी में दो करोड़ परिवारों को टॉयलेट मिला-ईरानी 
यूपी के विकास कार्यों पर अपनी बात रखते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूपी सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य है। यूपी की चुनौतियां बड़ी रही हैं। यहां एक महिला की मूलभूत चुनौती शौचालय की थी। हमारी सरकार ने यूपी में दो करोड़ परिवारों को टॉयलेट बनाकर उन्हें दिया। इससे लोगों के जीवन में बदलाव आया है। शौचालय में पानी नहीं आने के अखिलेश के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सपा नेता केवल राजनीति करना चाहते हैं। वह अभी भी टोटी और टॉयलेट में फंसे हैं। 

'सीएम योगी मर्यादा में रहकर अपनी बात कहते हैं'
सीएम योगी के 'अब्बा जान' बयान पर मचे सियासी घमासान पर स्मृति ईरानी ने कहा कि सीएम योगी संविधान की मर्यादा में रखकर अपनी बात रखते हैं। ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के एक बड़े नेता ने कहा था कि इस देश के संसाधनों पर एक समुदाय विशेष का अधिकार है। क्या यह तुष्टिकरण नहीं थी? भाजपा की सरकार तुष्टिकरण नहीं करती, वह सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है।

जनता की वजह से अमेठी छोड़कर भागे राहुल-स्मृति
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसा व्यक्ति जो भारत माता के टुकड़े करने की बात करे, जो टोपी पहने, उसे सीएम योगी को उपदेश देने का अधिकार नहीं है। घरेलू गैस की कीमत बढ़ने के सवाल पर स्मृति ईरानी ने कहा कि क्या 2013 में 10 करोड़ परिवारों के लिए टॉयलेट बना था? क्या आज से पहले किसानों के खातों में पैसे भेजे जाते थे? क्या आज से 10 साल पहले देश के 80 करोड़ नागरिकों को मुफ्त में राशन मिलता था? अमेठी की जनता विकास चाहती थी। उन्होंने कहा, 'अमेठी से राहुल के जाने में मैं केवल एक साधन बनी।' 

'कांग्रेस गरीबी नहीं हटा पाई'
प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए स्मृति ने कहा, '1960 के दशक में गरीबी हटाने का वादा किया था, क्या हटाया? कांग्रेस अपनी डूबती नैया में अपना पतवार कैसे संभालती है, यह मेरा विषय नहीं है।'  चुनाव में 400 सीटें आने के सपा के दावे पर स्मृति ईरानी ने कहा कि उनकी उम्मीद, उम्मीदों पर टिकी है, हमारी उम्मीद विकास कार्यों पर है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।