लाइव टीवी

UP : जेल में बंद मुख्तार अंसारी पर कसा शिकंजा, मऊ में 24 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क

Updated Jun 11, 2021 | 09:23 IST

Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश पुलिस ने बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की अवैध संपत्ति पर एक बार फिर कार्रवाई की है। मऊ में उसकी एक एकड़ भूमि कुर्क की गई है।

Loading ...
मऊ में मुख्तार अंसारी की 24 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क।
मुख्य बातें
  • बांदा जेल में बंदा है कुख्यात माफिया सरगना मुख्तार अंसारी
  • यूपी पुलिस ने मऊ में उसकी एक अवैध संपत्ति कुर्क की है
  • मुख्तार अंसारी के खिलाफ 50 से ज्यादा मामले चल रहे हैं

लखनऊ : योगी सरकार मुख्तार अंसारी के काले साम्राज्‍य का अंत करने के लिए कड़ी कार्रवाई कर रही है। पहले मुख्‍तार को पंजाब की जेल से यूपी की बांदा जेल बुलाया और अब उसकी आर्थिक रूप से कमर तोड़ी जा रही है। हाल ही में मऊ में मुख्तार अंसारी की अवैध संपत्ति पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने अवैध रूप से अर्जित की गई मुख्‍तार की कई एकड़ भूमि कुर्क कर दी। जानकारी के अनुसार, मुख्‍तार की 24 करोड़ की संपत्ति को पुलिस-प्रशासन ने कुर्क किया है।

मुख्तार अंसारी की मां के नाम पर थी सम्पत्ति थी
मुख्तार अंसारी की मां के नाम पर यह सम्पत्ति थी। मां ने मुख्तार अंसारी के दोनों बेटों के नाम वसीयत कर दी थी। प्रशासन ने अपराध जगत से अवैध तरीके से बनाई गई इस सम्पत्ति को कुर्क कर सरकारी बोर्ड लगा दिया। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के दसई पोखरा के पास यह जमीन स्थित है। मऊ सीट से बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के परिवार व गिरोह से जुड़े लोगों की अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।

बांदा जेल में बंद है मुख्तार
प्रशासन ने बताया कि जिला प्रशासन ने अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी और सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मजिस्ट्रेट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की है। बता दें कि मुख्‍तार अंसारी इन दिनों बांदा जेल में बंद है। यूपी और अन्‍य राज्‍यों में अंसारी के खिलाफ 52 मामले दर्ज हैं और इनमें 15 में तफ्तीश चल रही है। बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड और कई अन्य मामलों में मुख्‍तार अंसारी जेल में है।

हजरतगंज इलाके में संपत्ति पर चला बुल्डोजर
इससे पहले लखनऊ के हजरतगंज इलाके में मुख्‍तार अंसारी की संपत्ति पर बुल्‍डोजर चला था। चलाया गया है। मुख्‍तार अंसारी की यह संपत्ति लखनऊ विकास प्राधिकरण के जोन 6 हजरतगंज गांधी आश्रम के बगल में थी जिसे अवैध तरीके से मुख्‍तार ने बनाया था। प्रशासन ने इस पर बुलडोजर चला दिया था।

CM योगी की मुख्‍तार को खुली चेतावनी
उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के ऑपरेशन क्‍लीन के तहत गुंडे-माफ‍ियाओं की संपत्ति कुर्क की जा रही है। एक एक कर योगी सरकार में बदमाशों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में कुछ समय पहले लखनऊ में मुख्तार अंसारी के गुर्गे के डालीबाग में बने दो टावर जमींदोज किये गए। योगी आदित्‍यनाथ के ऑफ‍िस के ट्व‍िटर हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा गया- 'माफिया मुख्तार अंसारी के काले-साम्राज्य के अंत का समय आ गया है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।'

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।