लाइव टीवी

Mumbai News: मुंबई में युवक को पत्नी से झूठ बोलकर विदेश में गर्लफ्रेंड से मिलने जाना पड़ा भारी, हुआ गिरफ्तार

Updated Jul 10, 2022 | 18:54 IST

Mumbai Police: मुंबई में एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसपर धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप है। दरअसल, युवक विदेश यात्रा पर पत्नी से झूठ बोलकर गर्लफ्रेंड से मिलने गया था। वहां से आते वक्त उसने पासपोर्ट के पन्ने फाड़ दिए ताकि पत्नी को यात्रा का पता न चल सके। पर एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान वह पकड़ा गया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
मुंबई में युवक को पत्नी से झूठ छिपाना पड़ा महंगा, पहुंचा जेल (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • पत्नी से झूठ बोलकर गर्लफ्रेंड से मिलने गया था विदेश
  • पत्नी से झूठ छिपाने के लिए पासपोर्ट का पन्ना फाड़ दिया
  • एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन चेकिंग के दौरान किया गया गिरफ्तार

Mumbai Crime: अपनी पत्नी से झूठ बोलकर विदेश में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने जाना एक शख्स को महंगा पड़ गया। पुलिस ने 32 साल के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि, उसने अपने पासपोर्ट के यात्रा विवरण वाले पन्ने जानबूझकर फाड़ दिए थे, ताकि उसकी पत्नी को पता न चल जाए कि, वह कहां पर गया हुआ था। बता दें कि, जब वह मुंबई एयरपोर्ट पर वापस लौटा तो इमिग्रेशन चेकिंग के समय उसके पासपोर्ट से कुछ पेज गायब मिले। युवक से जब पूछताछ की गई तो पूरा मामला सामने आया। पुलिस ने युवक को धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी मुंबई का ही रहने वाला है। पेशे से इंजीनियर है और एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम भी करता है। बता दें कि, वह पत्नी से झूठ बोलकर मालदीव गया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, आरोपी अपने विवाहेतर संबंधों को छुपाना चाहता था, लेकिन वह इस बात से स्पष्ट रूप से अनजान था कि, पासपोर्ट के साथ छेड़छाड़ करना अपराध है। अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने बताया कि, कुछ दिन पहले वह अपनी प्रेमिका से मिलने विदेश गया हुआ था।

पत्नी के शक के कारण फाड़ दिए पासपोर्ट के पन्ने

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि, वह पत्नी से छिपकर अपनी प्रेमिका से मिलने विदेश गया हुआ था। उसने पत्नी को बताया था कि, वह किसी आवश्यक काम से देश के अंदर ही यात्रा पर जा रहा है। लेकिन उसकी पत्नी को उसपर शक हो गया। उसने फोन किया तो आरोपी पति ने उसका फोन नहीं उठाया था। इसके बाद पत्नी से विदेश यात्रा की बात छिपाने के लिए उसने पासपोर्ट से पन्ने फाड़ दिए थे।

आर्थिक दंड के बाद छोड़ा गया आरोपी

पुलिस से मिली जानकरी के अनुसार, पासपोर्ट से छेड़छाड़ करना अपराध है। ऐसे में आरोपी को धोखाधड़ी और जालसाजी सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के अनुसार गिरफ्तार किया गया है। बता दें, पुलिस ने बाद में उसे मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया था, जहां से 25,000 रुपए के आर्थिक दंड पर जमानत कर उसे रिहा कर दिया गया है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।