लाइव टीवी

Greater Noida News: झूले से उतरते समय आए करंट की चपेट में आने से एक बच्चे की हुई मौत, 3 साल का बच्चा झुलसा

 Greater Noida Crime News
Updated Sep 02, 2022 | 22:16 IST

Greater Noida Police: ग्रेटर नोएडा में एक बड़ा हादसा हो गया। बीटा-2 के सम्राट मिहिर पार्क में लगे मेले में झूला झूलते समय उतरे करंट ने एक 12 साल के मासूम की जान ले ली। एक तीन साल का बच्चा बुरी तरह झुलस गया है। पुलिस ने झूला संचालक को किया गिरफ्तार।

Loading ...
 Greater Noida Crime News Greater Noida Crime News
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
ग्रेटर नोएडा में झूले में उतरा करंट, मासूम बच्चे की मौत, एक घायल, संचालक गिरफ्तार
मुख्य बातें
  • सम्राट मिहिर पार्क में मेला देखने गए थे बच्चे
  • तीन साल का मासूम भी हादसे में झुलसा
  • पुलिस ने झूला संचालक को किया गिरफ्तार

Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा में पड़ोसियों के साथ मेला देखने गए बच्चे की करंट लगने के कारण मौत हो गई। वहीं एक बच्चा झुलस गया। घटना के बाद हड़कंप मच गया। सम्राट मिहिर भोज पार्क में झूला झूलने के दौरान करंट से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे का नाम हर्षित है। जबकि एक अन्य बच्चा करंट की चपेट में आने से झुलस गया है। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है जहां पर उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र के अल्फा-2 क्षेत्र में सम्राट मिहिर भोज पार्क में गणेश उत्सव चल रहा है। वहां पर मेला लगाया गया है। ग्रेटर नोएडा के बिरोड़ी गांव में किराए पर रहने वाला हर्षित अपने पड़ोसियों के साथ मेला देखने गया था।

उसके माता-पिता बाहर गए हुए थे। मेले में 12 साल का हर्षित गोद में 3 साल के प्रियांश को लेकर झूला झूल रहा था। झूलने के बाद वह नीचे उतरने लगा। उसी दौरान झूला (बच्चों की ट्रेन) की सीढ़ी में करंट उतर गया। करंट ने दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। छोटे बच्चे को उसने फेंक दिया, आनन-फानन में झूले को बंद कराया गया लेकिन तब तक हर्षित पूरी तरह झुलस चुका था। दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने हर्षित को मृत घोषित कर दिया। 3 साल के बच्चे को खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

बच्चे के घर पर नहीं था कोई

मिली जानकारी के अनुसार बता दें कि हर्षित के पिता का नाम धर्मेंद्र है। वह मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं। हालांकि अभी वह ग्रेटर नोएडा के बिरोड़ी गांव में किराए के मकान पर रह रहे हैं। हर्षित के पिता किसी कार्य के वजह से बाहर गए हुए थे। उसकी मां राजस्थान खाटू श्याम जी के मंदिर गई हुई थी। इसलिए हर्षिता अपने पड़ोसियों के साथ मेले में घूमने के लिए आया था। हर्षित दो भाइयों में सबसे छोटा था।

पुलिस ने मेले में झूला कराया बंद

पुलिस अधिकारियों की माने तो झूले में करंट उतरने से एक बच्चे की मौत हो गई। फिलहाल मौके पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसमें झूले के संचालक को लापरवाही से मेले में झूला चलाने के लिए गिरफ्तार किया गया है। मेले में मौजूद सभी झूलों को बंद करा दिया गया है। मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।