लाइव टीवी

Noida News: अब अपनी बिजली से चमकेगा ग्रेटर नोएडा का जेवर विधानसभा क्षेत्र, होंगे विकास कार्य

Updated Apr 25, 2022 | 19:47 IST

Jewar Assembly News: जेवर विधानसभा क्षेत्र के गांवों और कस्बों में बिजली आपूर्ति सुधारने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 107 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं शुरू की गई हैं। इसी कड़ी में जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने रविवार को उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बन रहे बिजली घर का दौरा किया।

Loading ...
जेवर विधानसभा क्षेत्र में होंगे विकास कार्य
मुख्य बातें
  • जून 2022 तक मिलेगा अपना पावर स्टेशन
  • जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने लिया जायजा
  • दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग 10 मीटर चौड़ा होगा

Jewar Assembly Development News: जेवर विधानसभा क्षेत्र के गांवों और कस्बों के लिए अच्छी खबर है। पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति सुधारने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 107 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं शुरू की गई हैं। इस पैसे से जेवर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों का दोबारा निर्माण किया जाएगा। इलाके में बिजली की आपूर्ति सुधारने के लिए बड़ा पावर स्टेशन बनवाया जा रहा है। विधायक धीरेंद्र सिंह ने बीते दिनों लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों के साथ सड़कों का जायजा लिया। रविवार की सुबह अफसरों के साथ पावर स्टेशन देखने पहुंचे।

जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने रविवार को उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बन रहे बिजली घर का दौरा किया। धीरेंद्र सिंह ने कहा, जेवर विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति जनपद अलीगढ़ के उसरह बिजलीघर और जनपद बुलंदशहर के खुर्जा इलाके में स्थित धरपा बिजलीघर से होती है। सिंचाई के दिनों और गर्मी के सीजन में जेवर क्षेत्र के लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी इतने बड़े इलाके को अपना बिजलीघर नहीं मिला। वर्ष 2019 में यहां 220 केवीए का बिजली घर बनाने की पैरवी की थी। 

जून 2022 तक मिलेगा अपना पावर स्टेशन 

धीरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तहत इस बिजलीघर का निर्माण हुआ। एक समय तो ऐसा भी आया जब बिजलीघर के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई थी। तब मैंने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह से वार्ता की। तब उन्होंने बिजलीघर बनाने के लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराई। गर्मी का मौसम और धान की रोपाई आरम्भ होने वाली है। इसी को देखते हुए आज उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर हाल में माह जून 2022 तक यह बिजलीघर क्षेत्र को बिजली आपूर्ति करना सुनिश्चित करे। 

दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग 10 मीटर चौड़ा होगा 

धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दनकौर से सिकंदराबाद मार्ग पर ट्रैफिक तेजी से बढ़ रहा है। इसकी चौड़ाई केवल 7 मीटर है। जिसकी वजह से इस व्यस्त मार्ग पर हादसों की आशंका बनी रहती है। ट्रैफिक जाम लगा रहता है। जेवर विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण इस मार्ग को 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। करीब 17 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण पर 29 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी।