लाइव टीवी

Patna Honor Killing: पटना में फिर ऑनर किलिंग, 15 साल के किशोर को पीट-पीटर कर मार डाला

Updated Jun 06, 2022 | 21:13 IST

पटना में एक बार फिर ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां के सिंगोली में 15 वर्षीय एक किशोर की सोमवार सुबह हत्या कर दी गई। पटना में ​बीते सात दिन में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का यह दूसरा मामला सामने आया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुख्य बातें
  • पटना के सिंगोली का मामला, सीगोरी थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
  • छत पर सो रहे किशोर की हत्या करके शव घर से सौ मीटर दूर फेंका
  • पुलिस मान रही है प्रेम प्रसंग का मामला, जांच में जुटी पुलिस

Patna Honor Killing: पटना में एक बार फिर ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां के सिंगोली में 15 वर्षीय एक किशोर की सोमवार सुबह हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना पर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने मर्डर के बारे में पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। 
आपको बता दें कि, पटना में ​बीते सात दिन में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले पटना के पास गोपालगंज में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां 17 वर्षीय एक किशोर की हत्या कर उसे जला दिया गया था। 

ऐसे दिया हत्या को अंजाम 

सीगोरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, हत्या सोमवार सुबह दोखाड़ा गांव के पास हुई। 15 वर्षीय उत्तम कुमार अपने घर की छत पर सोया था। परिजनों का आरोप है कि, उत्तम को किसी ने धोखे से छत से नीचे बुलाया। उसके बाद उसे बुरी तरह से पीटा गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारे शव को घर से करीब 100 मीटर दूर फेंक गए। सुबह जब ग्रामीण घर से बाहर निकले तो उन्होंने उत्तम का शव देखकर उसके परिजनों की सूचना दी। उत्तम का क्षत-विक्षत शव देख पूरे गांव में सनसनी फैल गई। तुरंत सीगोरी थाना पुलिस को सूचना दी गई। 

पुलिस मान रही प्रेम प्रसंग का मामला

पुलिस का कहना है कि, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। उत्तम के शरीर के घावों से लगता है कि उसे बुरी तरह से प्रताड़ित किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि, उत्तम कुमार ने दसवीं पास की थी। उसके पिता प्राइवेट बस में चालक हैं। बेटे की मौत के बाद पूरे घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा है।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।