लाइव टीवी

Pune News: पुणे में हीट वेब से बेहाल हुए लोग, राहत के नहीं आसार, इतने दिनों तक और झेलनी होगी लू की मार

Updated Apr 29, 2022 | 18:16 IST

Pune Weather Update: इस साल देश के अलग-अलग शहरों की तरह पुणे में भी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। हर दिन अधिकतम तापमान में वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
पुणे में रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी (प्रतीकात्मक फोटो)
मुख्य बातें
  • जिले का चिंचवड इलाका सबसे अधिक गर्म
  • मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
  • फिलहाल तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा

Pune News: पुणेवासियों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। अगले पांच दिनों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। फिलहाल चिंचवड इलाके में सबसे अधिक गर्मी पड़ रही है। यह इलाका तीन दिनों में लगातार सबसे अधिक गर्म रह रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, शिवाजी नगर में 41.8 डिग्री, लावले का 42.6 डिग्री सेल्सियस, लोहे गांव का तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन का तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से अधिक रहा है।

मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को लेकर स्पष्ट कर दिया है कि अभी इससे राहत मिलने वाली नहीं है। तेज धूप और लू को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सुबह 10 बजे के बाद बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। वहीं, बच्चे और बुजुर्गों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

पांच दिनों तक तापमान बढ़ने के आसार

मौसम वैज्ञानिकों ने पूर्वानुमान जताया है कि पुणे के तापमान में अगले पांच दिनों तक वृद्धि होने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तापमान में एक से डेढ़ डिग्री गिरावट होने की भी संभावना है। यह भी बताया गया कि मई के दूसरे हफ्ते से प्री-मानसून दस्तक दे सकती है। जिसके बाद तापमान में अच्छी गिरावट होने की उम्मीद है। तब तक लोग अपने आप को तेज धूप और लू से बचाएं। 

मार्च से ही इस बार पड़ रही तेज गर्मी

बता दें इस साल पूरे देश में मार्च के दूसरे-तीसरे हफ्ते से ही तेज धूप निकल रही है। मार्च के अंतिम हफ्ते से ही गर्मी ने जोर पकड़ा है। अप्रैल में मई और जून जैसी गर्मी पड़ रही है। इससे अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी है। खासतौर पर पेट की समस्या से जुड़े मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है।