लाइव टीवी

Son Killed In Ranchi: रांची में पत्नी ने ससुराल आने से मना किया तो चार माह के बेटे को तालाब में डूबो दिया

Updated Aug 18, 2022 | 19:38 IST

Ranchi News: राजधानी में पत्नी से विवाद पर एक शख्स ने अपने चार माह के बेटे को मार डाला। बेटे को उसने तालाब में डूबो दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, बेटे की मौत से महिला का रो-रोकर बुरा हाल है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
पत्नी ससुराल नहीं लौटी तो चार माह के बेटे को मार डाला
मुख्य बातें
  • रनियां थाना क्षेत्र की घटना, हरियाणा का निवासी है आरोपी सतेंद्र
  • पत्नी लक्ष्मी तोपनो के साथ रनियां थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल आया था आरोपी
  • महिला अपने बड़े बेटे को साथ लेकर चली गई थी

Son Killed In Ranchi: राजधानी में एक पिता ने अपने चार माह के बेटे की जान ले ली। उसके रोने से उसे इतना गुस्सा आया कि उसे तालाब में डूबो दिया। घटना रनियां थाना क्षेत्र की है। यहां हरियाणा निवासी सतेंद्र जाट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि, सतेंद्र जाट पत्नी लक्ष्मी तोपनो के साथ रनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मरचा बानाबीरा अपने ससुराल आया हुआ था। आरोपी ने पत्नी से हरियाणा चलने के लिए कहा, जिस पर पत्नी ने इंकार कर दिया। इससे नाराज होकर आरोपी अपने दोनों बेटों को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंच गया। 

महिला भी पीछे-पीछे स्टेशन पहुंच गई। उसने अपने बड़े बेटे को पति से ले लिया और वहां से अपने मायके लौट गई। जबकि चार महीने का बेटा अपने पिता के पास रह गया। इस बीच वह रोने लगा तो आरोपी ने उसे तालाब में फेंक दिया। दो घंटे के बाद अपने बेटे को तालाब से निकाला और पत्नी को कॉल करके कहा कि वह बच्चा पानी में डूब गया है। 

नशे में था आरोपी पिता

पुलिस सूचना पर जब तालाब के पास पहुंची तो आरोपी नशे की हालत में पाया गया। पुलिस का कहना है कि, पिता नशे में था और इसी बीच उसका बेटा रोने लगा तो उसने उसे तालाब में फेंक दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि, बच्चे को लेकर वह तालाब के पास से गुजर रहा था। इस दौरान गलती से बच्चा तालाब में गिर गया। जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उसने सच कबूल कर लिया और बताया कि, उसने ही अपने बेटे को तालाब में फेंका था। 

कड़ी सजा दिलाने की मांग

आरोपी के ससुराल वालों ने पुलिस से आरोपी को जल्द ही कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि, आरोपी पत्नी पर जबरन हरियाणा चलने का दबाव बना रहा था। जब पत्नी ने इंकार कर दिया तो उसने गुस्से में अपने बेटे तक को मार डाला। ऐसे में उसके साथ उसका दूसरा बेटा या पत्नी भी सुरक्षित नहीं हैं। इधर, पुलिस ने आरोपी का बयान दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया है।