लाइव टीवी

Jharkhand Suicide: तांत्रिक के बहकावे में महिला ने दी जान, वीडियो कॉल पर बाबा ने कहा- जान दे दो तो झूल गई फंदे से

Updated Aug 18, 2022 | 22:14 IST

Jharkhand Crime News: धनबाद में एक महिला ने अंधविश्वास में आत्महत्या कर ली। तांत्रिक के कहने पर महिला फंदे से लटक गई। फंदा लगाने के दौरान वह वीडियो कॉल पर उस तांत्रिक से बात कर रही थी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
तांत्रिक के कहने पर महिला ने कर ली आत्महत्या
मुख्य बातें
  • निरसा थाना क्षेत्र की विद्यासागर कॉलोनी की घटना
  • 27 वर्षीय संगीता देवी ओढ़नी का फंदा बनाकर झूली
  • संगीता का पति राजू कुमार चौहान आइटीबीपी में कार्यरत है

Jharkhand Crime News: जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद सूबे में अंधविश्वास समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। अब धनबाद में अंधविश्वास में एक महिला ने जान दे दी है। वीडियो कॉल पर बातचीत में तांत्रिक ने उससे कहा कि जान दे दो, जिसके बाद वह अपने कमरे में ओढ़नी का फंदा बनाकर झूल गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना निरसा थाना क्षेत्र के विद्यासागर कॉलोनी की है। साहिब शर्मा के आवास में किराए के घर में रहने वाली 27 वर्षीय संगीता देवी ने आत्महत्या की है। हालांकि यह आत्मघाती कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों और आसपास के लोगों ने बताया है तांत्रिक के बहकावे में आकर उसने जान दी है। बता दें संगीता का पति राजू कुमार चौहान आइटीबीपी में उत्तराखंड में तैनात है।

जब संगीता फंदे से झूली उसके बाद उसका बेटा कमरे में पहुंचा तो उसने अपनी मां लटका देखा। यह देखकर आठ साल का उसका बेटा जोर-जोर से चिल्लाने लगा। बच्चे की चीखें सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। लोगों ने संगीता को फंदे से नीचे उतारा और उसकी जांच की तो सांसें थम चुकी थीं। 

सूचना पर पहुंचे मायके वाले एवं पुलिस

पड़ोसियों की सूचना पर महिला के मायके वाले वहां पहुंचे। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। लोगों की सूचना पर पुलिस उस तांत्रिक के घर पहुंची, लेकिन वहां वह नहीं मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संगीता का मायका निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलचढ़ी गांव में है। घटना की जानकारी मिलने पर निरसा उत्तर पंचायत के मुखिया दिनेश सिंह एवं आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। सभी ने आरोपी तांत्रिक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। 

सीडीआर से खुलेगा राज

पुलिस ने संगीता का मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस पर उसके कॉल डिटेल्स को निकलवा रही है। ताकि यह पता चल सके कि उसने किस नंबर पर बातचीत करते हुए जान दी है। मोबाइल लॉक होने की वजह से पुलिस कॉल डिटेल्स चेक नहीं कर सकी है। दोनों में क्या बातचीत हुई कि उसने जान दे दी। मृत महिला के मायके वालों का कहना है कि तांत्रिक के संपर्क में संगीता काफी समय से थी। वह उससे अलग-अलग चीजें करवाता रहता था। 

रांची पुलिस ने तांत्रिकों की लिस्ट की तैयार

इधर, राजधानी रांची में पुलिस ने तांत्रिकों की लिस्ट तैयार की है। यहां अंधविश्वास के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया है। ग्रामीणों ने थानों में पदस्थापित चौकीदारों और कुछ एनजीओ की मदद से यह लिस्ट बनाई गई है। इन सभी तांत्रिकों को थाने में बुलाकर चेतावनी दी जा रही है।