लाइव टीवी

Ranchi News: रांची में एक और नए फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता साफ, अब इस इलाके को जाम से मिलेगी निजात

Updated Apr 27, 2022 | 19:44 IST

Ranchi News: रांची शहर को एक और नया फ्लाईओवर मिलने वाला है। इसका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। इसके निर्माण के लिए निर्माणकारी एजेंसी का चयन कर लिया गया है। जल्दी ही इस परियोजना का काम शुरू कर दिया जाएगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
रांची में फ्लाईओवर का होगा निर्माण (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • सिरम टोली फ्लाईओवर का होगा निर्माण
  • लार्सन एंड टूब्रो को निर्माण की दी गई जिम्मेदारी
  • 271 करोड़ रुपए के बजट से बनाया जाएगा फ्लाईओवर

Ranchi News: राजधानी रांची में एक और फ्लाईओवर बनेगा। सिरम टोली फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडर भी फाइनल हो चुका है। फ्लाईओवर बनाने की जिम्मेदारी लार्सन एंड टूब्रो यानी एलएनटी को दी गई है। मंगलवार को टेंडर खुलने पर एनएनटी को कोटेशन की दर के आधार पर काम कराने के लिए चयनित किया गया। बता दें इस काम को करने के लिए दो बड़ी कंपनियों ने कोटेशन डाला था। एलएनटी और सापुर जी पालोन जी से संबद्ध एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने टेंडर फाइल किया था।

पूर्व में फ्लाईओवर निर्माण के लिए दोनों कंपनियों का बिड मंजूर किया गया था। दोनों कंपनियों के बिड फाइनल करने के बाद फाइनेंशियल बिड खोलकर कार्यकारी कंपनी का चयन किया गया। इसमें एलएनटी ने निर्माण के लिए कम रेट भरा हुआ मिला, जिससे इस कंपनी से काम करवाने का निर्णय लिया गया। 

2.34 किलोमीटर लंबा होगा यह फ्लाईओवर

इस फ्लाईओवर की लंबाई 2.34 किलोमीटर होगी। इसके निर्माण पर कुल 271 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। फ्लाईओवर बनवाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने टेंडर जारी किया था। इसके मुताबिक सिरमटोली से राजेंद्र चौक होते हुए मेकन चौक तक फोरलेन फ्लाईओवर बनवाया जाएगा। एलएनटी को इस फ्लाईओवर का 10 साल तक मेंटेनेंस भी करना होगा। इसका निर्माण रेलवे क्रॉसिंग को पार कर ओवरब्रिज के ऊपर से किया जाना प्रस्तावित है। यह फ्लाईओवर मौजूद ओवरब्रिज के ऊपर से गुजरेगा। इसके निर्माण को लेकर पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार ने कार्यकारी कंपनी को जल्द निर्माण कार्य शुरू करने और तय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है। विभागीय सचिव खुद इस योजना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।  

आसपास के दर्जन भर इलाकों को फायदा

सिरम टोली से राजेंद्र चौक होते हुए मेकन चौक तक फोरलेन फ्लाईओवर बनने से आसपास के इलाकों को भी फायदा होगा। इसके निर्माण से करीब दर्जन भर इलाके को जाम से निजात मिलेगी। सभी तरह के वाहन इस फ्लोईओवर से होकर सिरम टोली से मेकन चौक उतर जाएंगे। इससे नीचे वाले मौजूद ओवरब्रिज पर भी वाहनों का दबाव कम होगा। इसकी वजह से उससे गुजरने वाले वाहन कम समय में दूसरे रूट पर जा सकेंगे।