लाइव टीवी

Ranchi Weather Update: रांची में रविवार से बदलेगा मौसम, इस तूफान का ऐसा होगा असर, जानें मौसम का हाल

Updated May 08, 2022 | 14:15 IST

Ranchi Weather Update: राजधानी रांची में रविवार से मौसम फिर करवट लेगा। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि यह बदलाव चक्रवाती तूफान के कारण हो रहा है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
रांची में रविवार से बदलेगा मौसम
मुख्य बातें
  • चक्रवाती तूफान आसनी का रांची में भी रहेगा प्रभाव
  • अगले हफ्ते की शुरुआत में आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट पर पहुंचेगा तूफान
  • 9, 10, 11 और 12 मई को रांची एवं आसपास में हो सकती है बारिश

Ranchi Weather Update: चक्रवाती तूफान आसनी का असर रविवार से ही रांची में पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक इस तूफान का मिलाजुला असर रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि, अगले हफ्ते की शुरुआत में आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट पर आसनी तूफान पहुंच जाएगा। इससे रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, आसनी तूफान के प्रभाव से ही 9, 10, 11 और 12 मई को रांची एवं आसपास में बारिश होने के आसार हैं। दरअसल, दक्षिण अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है। 

तापमान में आ रही गिरावट

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि, निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इससे बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य में एक चक्रवाती तूफान उत्पन्न होगा। वहीं, बीते 24 घंटे में रांची के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। 

सबसे अधिक बारिश धनबाद में

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक के अनुसार, झारखंड में सबसे अधिक बारिश धनबाद में दर्ज की गई है। यहां 17.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में अंडमान निकोबार में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र का असर कई इलाकों में दिखेगा। बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान गिर रहा है। 

गर्मी में इन बातों का रखें ख्याल

गर्म मौसम में कई चीजों का ख्याल रखना चाहिए। कैफीन और निकोटीन का सेवन करने से शरीर का तापमान बढ़ जाता है। कैफीन और निकोटीन खून को गर्म कर देते हैं। इससे गर्मी का एहसास अधिक होता है और पसीना अधिक बहता है। नारियल पानी, नींबू पानी और फलों के रस आदि का सेवन करना चाहिए। शराब पीने से भी बचना चाहिए। गर्मी और बरसात के मौसम में हल्का भोजन ही करें। सुपाच्य भोजन करें।