लाइव टीवी

शाही मिलन से शाही विदाई के फैसले तक, उतार चढ़ाव से भरी है प्रिंस हैरी- मेगन मार्कल की कहानी

Updated Jan 21, 2020 | 12:38 IST

Prince Harry- Megan Markle story of royal family separation: प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल ने ब्रिटेन के शाही परिवार से अलग होने का ऐलान कर दिया है। यहां जानें दोनों की शादी से शाही परिवार से अलग होने तक की कहानी।

Loading ...
प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल
मुख्य बातें
  • प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्कल ने की ब्रिटिश शाही परिवार से अलग होने की घोषणा
  • इससे पहले जोड़े ने शाही कर्तव्यों (रॉयल ड्यूटी) से खुद को कर लिया था अलग
  • सामने आ चुकी हैं शाही परिवार में मतभेदों की कई खबरें, यहां जानें पूरी कहानी

नई दिल्ली: ब्रिटेन में शाही परिवार के सदस्य प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल ने हाल ही में घोषणा की कि वह अब शाही परिवार के सदस्यों के तौर पर काम नहीं करेंगे। शनिवार को जारी एक बयान में, बकिंघम पैलेस ने कहा कि इस जोड़ी को शाही परिवार से अलग होने के लिए सैन्य कर्तव्यों और शाही परिवार से जुड़े कर्तव्यों से अलग होना होगा। साथ ही राजघराने से अलग होने के बाद दोनों को सार्वजनिक धन भी नहीं दिया जाएगा।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ हुए समझौते के अनुसार शाही परिवार की वरिष्ठ सदस्यता छोड़ने के बाद शाही उपाधि ‘रॉयल हाइनेस’ का इस्तेमाल भी दोनों नहीं कर पाएंगे। बकिंघम पैलेस की ओर से बीते शनिवार को इस बारे में घोषणा की गई थी। आइए एक नजर डालते हैं प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल के रिश्ते और अब तक के जीवन पर।

2016: लंदन में हुई मुलाकात
हैरी और मेगन मार्कल की मुलाकात कब हुई यह तो स्पष्ट नहीं है लेकिन एक इंटरव्यू के दौरान मेगन मार्कल ने बताया था कि वह दोस्तों के साथ लंदन में साल 2016 में मिले थे। नंवबर 2016 में बकिंघम पैलेस की ओर से अफवाहों की पुष्टि की गई और मेगन मार्कल को प्रिंस हैरी की गर्लफ्रेंड बताया गया।

इसके बाद दोनों की शादी की भी अफवाहें उड़ने लगीं और कहा जाने लगे शाही परिवार के सदस्य प्रिंस हैरी और अमेरिका में लॉस एंजेलिस की रहने वाली मेगन मार्कल से शादी करेंगे। दिसंबर महीने में दोनों की एक साथ हाथ में हाथ थामे तस्वीरें सामने आईं।

2017: सार्वजनिक तौर पर पहली बार सामने आए, की सगाई
मई 2017 में अस्कोट के ऑडी पोलो चैलेंज में मेगन मार्कल रॉय बॉक्स गैलरी से प्रिंस हैरी के लिए चियर करते हुए नजर आईं और उनके फोटो भी वायरल हुए। मैच के बाद दोनों के एक दूसरे को किस करते हुए तस्वीरें भी सामने आईं।

इसी महीने बाद में मेगन मार्कल और प्रिंस हैरी को एक शादी के रिसेप्शन में एक साथ देखा गया, दोनों एक कार में सवार होकर यहां पहुंचे थे।

नवंबर 2017 में प्रिंस चार्ल्स ने प्रिंस हैरी और मेघन मार्कल की सगाई की घोषणा करते हुए एक बयान जारी किया।

बयान में, प्रिंस चार्ल्स ने कहा कि दोनों आधिकारिक तौर पर 2018 स्प्रिंग में शादी करेंगे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि प्रिंस हैरी ने घोषणा से एक सप्ताह पहले इसका प्रस्ताव रखा था। प्रिंस चार्ल्स ने बताया कि केंसिंग्टन पैलेस में नॉटिंघम कॉटेज में दोनों के रहने की योजना है।

2018: प्रिंस हैरी और मेगन की शाही शादी
19 मई 2018
को अफेयर की चर्चाओं, अफवाहों और सगाई के बाद आखिरकार प्रिंस हैरी अपनी अमेरिकी गर्लफ्रेंड के साथ शादी के बंधन में बंध गए। समारोह के दौरान, महारानी ने आधिकारिक तौर पर मेघन और हैरी को ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स के खिताब दिए।

15 अक्टूबर 2018 को शादी के कुछ महीने बाद मेगन मार्कल के गर्भवती होने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों शादी के बाद पहले दौरे पर देश से बाहर गए और ऑस्ट्रेलिया व न्यूजीलैंड के अलावा फिजी, टोंगा की यात्रा की।

2019: शाही परिवार में आया नन्हा मेहमान, छलका मेगन मार्कल का दर्द

6 मई 2019 को मेगन मार्कल ने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसका नाम आर्ची हैरिसन रखा गया। प्रिंस चार्ल्स, प्रिंस विलियम और उनके बच्चों, प्रिंस जॉर्ज, राजकुमारी शेर्लोट और प्रिंस लुइस और फिर प्रिंस हैरी के बाद आर्ची ब्रिटिश सिंहासन के लिए सातवीं लाइन में हैं।

अक्टूबर 2019 में मेगन और शाही परिवार के बारे में मतभेदों की खबरें सामने आने लगीं। ऐसी ही एक खबर को लेकर जोड़े ने एक अखबार पर मुकदमा भी कर दिया। अक्टूबर 2019 में एक इंटरव्यू के दौरान मेगन मार्कल का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद उन्हें कितने संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है।

2020: शाही परिवार से दूरी बनाने का फैसला
मेगन मार्कल और प्रिंस हैरी ने 8 जनवरी 2020 को घोषणा की कि वह शाही कर्तव्यों से पीछे हटना चाहते हैं। इसके बाद एक बार फिर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। 18 जनवरी 2019 को जोड़े ने घोषणा की कि दोनों शाही परिवार के सक्रिय सदस्य नहीं रहना चाहते हैं।