लाइव टीवी

कोरोना के खिलाफ संघर्ष में स्विट्जरलैंड ने भारत के साथ दर्शाई एकजुटता, कुछ इस तरह रोशन हुआ तिरंगा

Updated Apr 18, 2020 | 20:59 IST

Switzerland's mountain lit up in Tricolour: कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ जारी वैश्विक जंग के बीच स्विट्जरलैंड ने भारत के साथ खास अंदाज में एकजुटता प्रदर्शित की है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspFacebook
कोरोना के खिलाफ संघर्ष में स्विट्जरलैंड ने भारत के साथ दर्शाई एकजुटता, कुछ इस तरह रोशन हुआ तिरंगा

जेनेवा : कोरोना वायरस संक्रमण से आज पूरी दुनिया जूझ रही है, जिससे दुनियाभर में 1.56 लाख लोगों की जान चली गई है, जबकि 22.76 लाख लोग इससे संक्रमित हैं। चीन से शुरू होकर यह वायरस दुनिया के सैकड़ों देशों में फैल चुका है, जो इसकी रोकथाम को लेकर तमाम कोशिशें कर रहे हैं। हालांकि अब तक इस पर काबू नहीं पाया जा सका है। भारत भी इससे अछूता नहीं है, जहां अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 14 हजार से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 488 लोगों की इससे जान जा चुकी है।

स्विट्जरलैंड एकजुटता प्रदर्शित की
कोरोना के खिलाफ इस जंग में दुनिया के सभी देश समन्वित प्रयासों को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत ने अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी सहित दुनिया के कई देशों में हाइड्रोक्‍लोरोक्‍सोक्‍वीन दवा भेजी है, जिसे इस घातक संक्रमण के उपचार में मददगार माना जा रहा है। दुनियाभर के देशों ने भारत के इस कदम की सराहना करते हुए आभार जताया है, जो खुद भी संक्रमण से जूझ रहा है। इस बीच स्विट्जरलैंड ने अनूठे तरीके से भारत के साथ एकजुटता दर्शाई है। स्विट्जरलैंड ने आल्‍प्स में मैटरहॉर्न माउंटेन पर शुक्रवार रात तिरंगे की छवि प्रदर्शित की। 

फेसबुक पर लिखा
पर्यटन से जुड़े संगठन जेरमैट मैटरहॉर्न ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, 'दुनिया की सबसे अधिक घनी आबादी वाले देशों में से एक भारत कोरोना के संकट से जूझ रहा है। इस बड़े देश के समक्ष कई चुनौतियां हैं। मैटरहॉर्न पर भारतीय ध्‍वज को रोशन करने का मकसद सभी भारतवासियों के साथ एकजुटता दर्शाना और संकट की इस घड़ी में उम्‍मीद बढ़ाना तथा उन्‍हें मजबूत बनाना है।'

भारतीयों ने जताया आभार
लाइट आर्टिस्‍ट गैरी हॉफ्सटेटर ने स्विस पर्वत शृंखला में 14,692 ऊंचे पहाड़ पर तिरंगे की छवि प्रदर्शित की। यह तस्‍वीर गैब्रियल पेरेन ने ली है, जिसे कई लोगों ने शेयर किया है। भारतीय समुदाय के लोगों ने इस खास तरीके से मैत्रीपूर्ण संबंधों को दर्शाने और सकारात्‍मक संदेश देने के लिए स्विट्जरलैंड का आभार जताया है। 

यहां उल्‍लेखनीय है कि इस पहाड़ पर बीते कुछ समय में जापान, जर्मनी, ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस, इटली और अन्‍य देशों के राष्‍ट्रध्‍वज को भी इसी तरह दर्शाया गया और उनके साथ एकजुटता प्रदर्शित की गई, जो कोरोना के भयावह संक्रमण से जूझ रहे हैं। यहां हैशटैग #stayhome, #hope को भी दर्शाया गया।