Happy Birthday MS Dhoni: हार, इंतजार, दुख..करियर का सबसे अजीबोगरीब एक साल

MS Dhoni celebrating his 39th Birthday: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का आज 39वां जन्मदिन है। पिछला एक साल सबसे अजीबोगरीब रहा है..

MS Dhoni 39th Birthday
MS Dhoni 39th Birthday, धोनी का 39वां जन्मदिन  |  तस्वीर साभार: IANS
मुख्य बातें
  • 39 साल के हुए पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी
  • खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर टीटीई से लेकर कैप्टन कूल बनने तक का सफर
  • टीम इंडिया के पूर्व कप्तान, चेन्नई सुपर किंग्स के मौजूदा कप्तान हैं माही

MS Dhoni celebrating his 39th Birthday: आज भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एम एस धोनी (MS Dhoni) का 39वां जन्मदिन है। इस शानदार क्रिकेटर को अब तक हमने उस खिलाड़ी के रूप में जाना है जिसने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। जिनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का हर साल सुर्खियों और रिकॉर्ड्स से भरा रहता था। लेकिन पिछला तकरीबन एक साल बिल्कुल अजीबोगरीब और अनोखा साबित हुआ है।

वो हार..

9 जुलाई 2019..धोनी के 38वें जन्मदिन को सिर्फ दो दिन बीते थे। भारत आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच चुका था। सामने थी न्यूजीलैंड की टीम। न्यूजीलैंड को हमने 239 रनों पर रोक दिया था। अब सारी जिम्मेदारी बल्लेबाजों के कंधों पर थी। लेकिन भारतीय शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया। एक बार फिर सारी जिम्मेदारी धोनी के कंधों पर आ चुकी थी। माही ने स्कोर को आगे बढ़ाना शुरू किया और 71 गेंदों बाद वो अपना अर्धशतक भी पूरा कर चुके थे लेकिन तभी रन दौड़ने की भूख भारी पड़ गई और मार्टिन गुप्टिल के एक सटीक थ्रो ने धोनी को रन आउट कर दिया। वो सिर्फ रन आउट नहीं था, बल्कि करोड़ों भारतीय फैंस की टूटती उम्मीदों का नजारा था। जडेजा ने 77 रन बनाए लेकिन धोनी की गैरमौजूदगी में वो लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके। भारत बाहर हो गया।

इंतजार..

भारत विश्व कप से बाहर हो चुका था। सब धोनी से किसी बड़े फैसले के कयास लगा रहे थे, लेकिन ऐसा कोई फैसला नहीं आया। बल्कि धोनी पूरी तरह से दुनिया की नजरों से गायब से हो गए। वो परिवार के साथ समय बिताने लगे। जब टीम इंडिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दोबारा शुरू हुआ तब उन्होंने छुट्टी ले ली और रांची में गुम हो गए।कुछ समय व महीने बीते और जब माही अपनी छुट्टी से नहीं लौटे तो इंतजार सबको खटकने लगा। चयनकर्ताओं और बीसीसीआई ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, वे पूछना चाहते थे कि धोनी का आगे का क्या प्लान है लेकिन माही चुप ही रहे। महीने बीतते गए। नया साल आ गया। जैसे ही आईपीएल करीब आया, एक बार शेर दहाड़ता हुआ मैदान पर आया। चेन्नई सुपर किंग्स के अभ्यास सत्र में बल्लेबाजी करने उतरे तो हजारों दर्शक सिर्फ नेट्स में उनकी बैटिंग देखने पहुंच गए थे। सब कुछ वापसी की ओर इशारा कर रहा था लेकिन अचानक..कोरोना के आक्रमण ने सब कुछ ठप्प कर दिया। सब कुछ स्थगित व रद्द हो गया। सब खिलाड़ी अपने-अपने घर चले गए।

और फिर वो दुख..

माही अपने परिवार के साथ रांची स्थित अपने फार्म हाउस में लॉकडाउन बिताने पहुंचे थे। लॉकडाउन के तीन महीनों के बीच वो पूरी तरह से सोशल मीडिया से दूर रह रहे थे, सिर्फ अपने परिवार के साथ समय बिता रहे थे, अपनी बेटी जीवा के साथ खूब खेलते थे। कभी कोई बयान नहीं, कोई इंस्टाग्राम चैट नहीं कोई इंटरव्यू नहीं। खैर, ऐसे धोनी से हम सब वाकिफ थे..लेकिन 14 जून 2020 को मुंबई से एक ऐसी खबर आई जिसने सबको हिलाकर रख दिया। खासतौर पर धोनी को। कुछ ही समय पहले जिस अभिनेता (सुशांत सिंह राजपूत) ने उनके साथ काफी समय बिताते हुए 'एम एस धोनीः द अनटोल्ड स्टोरी' के जरिए पर्दे पर हूबहू धोनी के किरदार को पेश किया था, उस सुशांत ने आत्महत्या कर ली। सब धोनी के रिएक्शन का इंतजार कर रहे थे लेकिन कोई रिएक्शन नहीं आया। उनके मैनेजर और फिल्म के निर्देशक ने जरूर बताया कि धोनी को जब सुशांत की खबर दी गई, तो वो टूट गए।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
A post shared by Sakshi Singh Dhoni (@sakshisingh_r) on

अब क्रिकेट से दूर पूरा एक साल हो चुका है। धोनी के अंतरराष्ट्रीय करियर में पहले कभी इतना लंबा ब्रेक नहीं देखा गया। लेकिन फिर भी उनके करोड़ों फैंस अब भी इंतजार कर रहे हैं कि क्रिकेट शुरू हो और धोनी एक बार फिर मैदान पर उतरें। धोनी मानसिक रूप से सबसे मजबूत खिलाड़ी हैं लेकिन उतने ही इमोशनल भी..ऐसे में सुशांत के निधन का दुख और एक साल का ब्रेक आने वाले दिनों में उनके करियर पर क्या असर डालेगा, वो तो सिर्फ धोनी ही जानते हैं। हम तो उनके जन्मदिन पर बस यही आशा करते हैं कि वो फिट रहे, खुश रहें और इस एक साल को पीछे छोड़कर जल्द ही फिर से मैदान पर दहाड़ मारें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर