ना डिविलियर्स, ना क्रिस गेल..गौतम गंभीर ने बताया किस खिलाड़ी ने उनकी रातों की नींद उड़ा दी थी

Gautam Gambhir makes bold statement about Rohit Sharma: कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व कप्‍तान गौतम गंभीर ने एक बड़ा खुलासा किया है। गंभीर ने बताया कि जब वो कप्‍तान थे तो एक खिलाड़ी ने उनकी रातों की नींद उड़ा रखी है। गंभीर ने इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ की।

gautam gambhir
गौतम गंभीर 
मुख्य बातें
  • गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की
  • गंभीर ने कहा कि रोहित ने उनकी रातों की नींद उड़ाई थी
  • पता हो कि रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्‍तान हैं

नई दिल्‍ली: पूर्व भारतीय ओपनर गौतम गंभीर ने हाल ही में रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने गंभीर ने दाएं हाथ के बल्‍लेबाज की तारीफ की, जो कि आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्‍तान भी हैं। स्‍टार स्‍पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए गंभीर ने स्‍वीकार किया कि वह आक्रामक बल्‍लेबाजों क्रिस गेल और एबी डीविलियर्स से घबराए नहीं। हालांकि, उन्‍होंने रोहित शर्मा को ऐसा खिलाड़ी बताया, जिसने आईपीएल में उनके कप्‍तानी के कार्यकाल के दौरान रातों की नींद उड़ा रखी थी।

गंभीर ने कहा, 'कप्‍तान के रूप में रोहित शर्मा एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्‍होंने मेरी रातों की नींद उड़ाई। क्रिस गेल या एबी डीविलियर्स या किसी और से डर नहीं लगा, सिर्फ रोहित शर्मा से लगा। वो एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्‍होंने मेरी रातों की नींद उड़ाई। आईपीएल इतिहास में रोहित शर्मा सबसे सफल कप्‍तान हैं।' याद दिला दें कि 2013 में रोहित शर्मा ने रिकी पोंटिंग की जगह मुंबई इंडियंस की कमान संभाली थी। तब से वो टीम को पांच खिताब जिता चुके हैं। यह ध्‍यान देने वाली बात है कि मुंबई इंडियंस ने पहली बार आईपीएल खिताब भी शर्मा की कप्‍तानी में जीता था।

पता हो कि गौतम गंभीर इस साल आईपीएल में लखनऊ सुपरजायंट्स से जुड़े हैं। नई फ्रेंचाइजी ने दो बार के आईपीएल विजेता कप्‍तान को मेंटर के रूप में जोड़ा है। 

इरफान पठान ने भी रोहित शर्मा की तारीफ की

वहीं पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की। पठान का मानना है कि 34 साल के रोहित का नाम आईपीएल इतिहास के पन्‍नों पर दर्ज किया जाएगा क्‍योंकि मुंबई इंडियंस की सफलता में उनका जबर्दस्‍त योगदान है। पठान ने कहा, 'रोहित शर्मा को हमेशा मुंबई इंडियंस और आईपीएल के इतिहास में याद रखा जाएगा। रोहित शर्मा का नाम मुंबई इंडियंस में हमेशा शीर्ष पर रहेगा।'

पता हो कि आईपीएल का आगामी सीजन 27 मार्च से शुरू होगा। मुंबई इंडियंस अपने अभियान की शुरूआत 27 मार्च को दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ ब्रेबोर्न स्‍टेडियम में करेगी। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर