IPL 2021: '3 लकी गेंदबाज', जिन्‍होंने अपने आईपीएल करियर की आखिरी गेंद पर लिया विकेट

IPL 2021: आईपीएल 2021 के लिए खिलाड़‍ियों की नीलामी 18 फरवरी को चेन्‍नई में आयोजित होगी। आईपीएल से संन्‍यास ले चुके उन गेंदबाजों के बारे में बता रहे हैं, जिन्‍होंने आखिरी गेंद पर विकेट लिया।

lasith malinga of mumbai indians
मुंबई इंडियंस के लसिथ मलिंगा 
मुख्य बातें
  • आईपीएल करियर की आखिरी गेंद पर विकेट लेने वाले तीन गेंदबाज
  • भारत का सिर्फ एक गेंदबाज इस स्‍पेशल क्‍लब में शामिल
  • आईपीएल दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग मानी जाती है

नई दिल्‍ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) दुनिया में सबसे लोकप्रिय घरेलू टी20 लीग माना जाता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पिछले 13 सालों में लीग का बेहतरीन अंदाज में आयोजन किया है। पिछले साल कोरोना वायरस महामारी का असर खेल गतिविधियों पर स्‍पष्‍ट नजर आया, लेकिन इसके बावजूद बीसीसीआई ने यूएई में आईपीएल-13 का सफल आयोजन किया। आईपीएल 2020 ने व्‍यूअरशिप और फैन-फॉलोइंग के मामले में कई रिकॉर्ड्स तोड़े। 

इस लीग के लोकप्रिय होने का प्रमुख कारण गुणवान खिलाड़‍ियों का होना है। इसके अलावा दुनिया के दिग्‍गज खिलाड़ी पहले सीजन से इस लीग के साथ जुड़े हुए हैं। कुछ दिग्‍गजों ने अपने आईपीएल करियर का अंत भी उच्‍च स्‍तर पर किया। आज हम आपको ऐसे तीन खिलाड़‍ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्‍होंने अपने आखिरी मैच की आखिरी गेंद पर विकेट लिया।

3 गेंदबाज, जिन्‍होंने आखिरी गेंद पर विकेट लिया

  1. लसिथ मलिंगा - श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस के प्रमुख हथियार रहे। मलिंगा आईपीएल इतिहास में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्‍होंने पूरा आईपीएल करियर मुंबई फ्रेंचाइजी के लिए बिताया। मुंबई इंडियंस ने इस साल मलिंगा को रिलीज किया क्‍योंकि तेज गेंदबाज ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट से संन्‍यास लिया। मुंबई ने आईपीएल 2020 के लिए मलिंगा को रिटेन किया था, लेकिन श्रीलंकाई तेज गेंदबाज ने निजी कारणों का हवाला देकर नाम वापस लिया था। उनकी जगह जेम्‍स पैटिंसन को शामिल किया गया था। मलिंगा ने 122 आईपीएल मैचों में 170 विकेट चटकाए। उन्‍होंने आखिरी बार 2019 आईपीएल फाइनल में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्‍व किया था। मलिंगा ने मैच का आखिरी ओवर किया और मुंबई के लिए खिताब जीता जब आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया।
  2. एडम गिलक्रिस्‍ट - पूर्व ऑस्‍ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्‍लेबाज एडम गिलक्रिस्‍ट का नाम इस लिस्‍ट में जरूर चौंकाने वाला है। गिलक्रिस्‍ट ने आईपीएल में अपने आखिरी मैच से पहले कभी लीग में गेंदबाजी नहीं की थी। गिलक्रिस्‍ट तब किंग्‍स इलेवन पंजाब की कप्‍तानी कर रहे थे। 2013 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ किंग्‍स इलेवन पंजाब की टीम जीत के करीब थी। मुंबई को जीत के लिए आखिरी ओवर में 51 रन की दरकार थी जबकि उसका एक विकेट शेष था। एडम गिलक्रिस्‍ट ने तब गेंदबाजी करने का फैसला किया। हरभजन सिंह स्‍ट्राइक पर थे और उन्‍होंने गिलक्रिस्‍ट की गेंद पर प्रहार करने की कोशिश की। दुर्भाग्‍यवश उनका शॉट सही नहीं लगा और गेंद सीधे गुरकीरत सिंह मान के हाथों में गई। गिली ने इस मौके को गैंगनम स्‍टाइल में डांस करके यादगार बना दिया। यह उनका एकमात्र आईपीएल विकेट रहा। यह गिली के लिए विशेष रहा क्‍योंकि उन्‍होंने एकमात्र बार लीग में गेंदबाजी की थी।
  3. अनिल कुंबले - अनिल कुंबले अपने आईपीएल करियर की आखिरी गेंद पर विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं। कुंबले ने 2010 में डेक्‍कन चार्जर्स के खिलाफ यह कमाल किया था। आरसीबी की टीम तीसरे स्‍थान के लिए चार्जर्स के खिलाफ मुकाबला कर रही थी। कुंबले ने अपने स्‍पेल का अंत इस प्रकार किया- 3.3 ओवर में 16 रन देकर चार विकेट। कुंबले ने अपने आईपीएल करियर की आखिरी गेंद पर प्रज्ञान ओझा का शिकार किया था। आरसीबी ने 9 विकेट से मैच जीतकर चैंपियंस लीग टी20 के लिए क्‍वालीफाई किया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर