5 लोगों ने लड़की को किया बेरहमी से प्रताड़ित, वायरल हुआ वीडियो, असम पुलिस ने आरोपियों की तस्वीर जारी की

क्राइम
Updated May 27, 2021 | 21:11 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

एक लड़की को 5 लोगों ने बेरहमी से प्रताड़ित किया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। अब असम पुलिस ने उन पांचों आरोपियों की तस्वीरों को ट्विटर पर जारी कर दिया है।

assam
असम पुलिस ने जारी कीं तस्वीरें 
मुख्य बातें
  • एक लड़की से दरिंदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ
  • इसमें 5 लोग उसको बेरहमी से प्रताड़ित कर रहे हैं
  • असम पुलिस ने पांचों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी कर दी हैं

नई दिल्ली: असम में एक लड़की को 5 लोगों द्वारा बेरहमी से प्रताड़ित करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में 5 अज्ञात लोगों को एक युवती को पीटते और प्रताड़ित करते हुए देखा गया है। हालांकि घटना का समय या स्थान स्पष्ट नहीं है। वायरल वीडियो को देखते हुए, असम पुलिस ने पांच संदिग्ध अपराधियों की तस्वीरें जारी की हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए जनता से और जानकारी मांगी है।

साथ ही इन दोषियों के बारे में जानकारी देने वालों को इनाम देने की भी घोषणा की गई है। 4 फोटोज पोस्ट करते हुए असम पुलिस ने लिखा है, 'ये तस्वीरें 5 दोषियों की हैं जो एक वायरल वीडियो में एक युवा लड़की को बेरहमी से प्रताड़ित करते और उल्लंघन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना का समय या स्थान स्पष्ट नहीं है। इस अपराध या अपराधियों के बारे में जानकारी रखने वाला कोई भी व्यक्ति कृपया हमसे संपर्क कर सकता है। उन्हें आकर्षक इनाम दिया जाएगा।' 

एक और ट्वीट में लिखा है, 'हमें इस जघन्य अपराध के अपराधियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के लिए एक साथ खड़ा होना चाहिए। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना कहां हुई और यह असम से भी नहीं हो सकती है, हम अपराधियों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।' 

वायरल वीडियो में, अपराधियों को लड़की को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है, जो कि नॉर्थईस्ट की रहने वाली है। उन्हें पीड़िता के चेहरे पर मारते हुए और उसे नग्न करते हुए भी देखा जा सकता है।

अगली खबर