गर्भवती पत्नी के घर में नहीं मिलने पर भड़का पति, जब किसी और से बात करते देखा तो...

Man kills pregnant wife in Delhi: दिल्ली में एक शख्स ने मामूली झगड़े के चलते अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी।

Crime News
सांकेतिक फोटो 

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन लागू है। इसके बावजूद क्राइम की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बीच दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में एक शख्स ने अपनी गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। महिला पांच माह की गर्भवती थी। पति अपनी पत्नी के घर में नहीं मिलने से गुस्सा था जिसके बाद उसने गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद पति ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। आरोपी की 33 वर्षीय विजय कुमार जबकि मृतक की पहचान 28 वर्षीय हेमलता के रूप में की गई है।

पुलिस को खुद घर लाया आरोपी

आरोपी ऑटो रिक्शा चलाता है और उसकी हेमलता से करीब डेढ़ साल पहले शादी ही हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों में झगड़ा होता रहता था। घरवालों के अनुसार, विजय अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता रहता था। रविवार रात को भी दोनों में काफी झगड़ा हुआ और फिर उसके बाद विजय ने गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद विजय थाने पहुंचा। उसकी बात सुनकर पुलिसकर्मी  हैरान रह गए। विजय पुलिसकर्मियों को लेकर घर गया, जहां उसकी पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी थी। 

आरोपी ने पत्नी को किसी से बात करते देखा

पुलिस ने बताया कि घर लौटने पर विजय को अपनी पत्नी दक्षिणपुरी स्थित घर पर नहीं मिली तो वह पत्नी की तलाश में पास में स्थित अपने सुसराल गया लेकिन वह वहां भी नहीं मिली। इसी दौरान, विजय ने पत्नी को गली में किसी व्यक्ति से बात करते देखा तो वह गुस्सा हो गया। उन दोनों के बीच जबरदस्त बहस हुई, जिसके बाद विजय ने पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहले अपनी पत्नी के साथ बहस हुई जोकि झगड़े और फिर हत्या में बदल गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अगली खबर