दिल्ली में पुलिसकर्मी के साथ शर्मनाक हरकत, लॉकडाउन उल्लंघन पर रोका तो शख्स ने थूका

Delhi coronavirus lockdown: दिल्ली में एक शख्स को लॉकडाउन का पालन न करने पर रोका गया तो उसने पुलिसकर्मी पर थूक दिया।

police
सांकेतिक फोटो (तस्वीर साभार- unsplash) 

नई दिल्ली: चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस ने भारत समेत पूरी दुनिया में कहर बरपा रखा है। कोरोना के खिलाफ जंग जीतने के लिए देश में लॉकडाउन किया गया है। लोगों के घरों से बेवजह निकलने पर पाबंदी है। इन सबके बावजूद देश में कोरोना वायरस के मरीजों की तादाद बढ़ रही है। अलग-अलग राज्यों में लोगों को लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैदी से डटे हुए हैं। लेकिन इस बीच देश की राजधानी दिल्ली से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां के लाहोरी गेट इलाके में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर जब एक पुलिसकर्मी ने 25 वर्शीष युवक को रोका तो उसने थूक दिया।

बिना मास्क पहने घूम रहा था युवक

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिसकर्मी ने रविवार रात को लाहोरी गेट इलाके में युवक को घूमने के दौरान लॉकडाउन नियम का उल्लंघन कर पर रोका था। रात करीब 9.30 बजे पुलिस ने इलाके में युवक को बिना मास्क पहने घूमते देखा। पुलिस ने उससे पूछा कि मास्क क्यों नहीं पहना। इसके बाद आरोपी ने पुलिसकर्मी के साथ बहस शुरू कर दी और फिर उस पर थूक दिया। हालांकि, पुलिसकर्मी ने खुद को थूक से बचा लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। आरोपी की पहचान शाहबाज अनवर अंसारी के रूप में हुई है।

दिल्ली में एक हजार से अधिक कोरोना मरीज

दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राजधानी में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1,100 से अधिक हो गया है। अब तक सामने आए मामलों में 700 से ज्यादा का संबंध तबलीगी जमात से है। वहीं, मरने वालों का आंकड़ा 24 हो गया है। दिल्ली में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार 'ऑपरेशन शील्ड' चला रही है। इसके तहत उन इलाकों को सील कर दिया जाता है जहां से कोई कोरना का मरीज मिलता है। अब तक दिल्ली में 43 इलाकों को सील किया गया है।


अगली खबर