प्रेमी जोड़े पर भारी पड़ गया लॉकडाउन! पुलिस ने रूसी लड़की और उसके प्रेमी को वापस भेजा

Shimla Police send back Russian woman: पुलिस अधिकारी ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। रूसी लड़की और उसका प्रेमी को यहां से वापस भेज दिया गया है।

Shimla Police send back Russian woman with her male friend from Shimla to Noida
कुल्लू पहुंचकर शादी करना चाहता था कपल। -प्रतीकात्मक तस्वीर  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • कुल्लू से यह कपल दि्ल्ली आया था लेकिन लॉकडाउन में फंस गया था
  • वापस कुल्लू लौटकर शादी करना चाहता था जोड़ा लेकिन पकड़ा गया
  • शिमला पुलिस ने दोनों को वापस नोएडा भेजा, एफआईआर भी दर्ज

शिमला: कोविड-19 का प्रकोप का सामना तो आम लोग कर ही रहे हैं, प्रेमी जोड़े भी लॉकडाउन के नियमों से हलकान-परेशान नजर आ रहे हैं। ऐसे ही एक जोड़े को शिमला पुलिस ने राजधानी में दाखिल होने से पहले पकड़ लिया। रूस की एक लड़की कुल्लू निवासी अपने प्रेमी के साथ शादी रचाने के लिए शिमला जा रही थी लेकिन पुलिस ने उन्हें लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर रोक लिया। पुलिस ने प्रेमी जोड़े को वापस नोएडा भेज दिया है। रूसी लड़की अपने प्रेमी के साथ कुल्लू से दिल्ली आई थी लेकिन लॉकडाउन के चलते दोनों फंस गए थे।

शिमला के पुलिस अधीक्षक ओमपति जामवाल ने बताया कि ये प्रेमी जोड़ा एक पिकअप में सवार होकर शिमला में दाखिल होना चाहता था लेकिन मंगलवार को तलाशी के दौरान पुलिस को ये मिल गए। जांच में पता चला है कि रूसी लड़की 2019 में भारत आई और उसके पास 2014 तक का वीजा है। लड़की पहले कुल्लू आई थी और अपने प्रेमी जोगिंदर कुमार के साथ वापस दिल्ली गई। इस बीच लॉकडाउन लागू हो जाने पर दोनों दिल्ली में फंस गए। इसके बाद वे दोबारा शिमला आने की कोशिश कर रहे थे। दोनों कुल्लू पहुंचकर शादी करना चाहते थे। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। जिस पिक अप से रूसी लड़की और उसका प्रेमी यहां पहुंचे थे उसी पिकअप से उन्हें वापस भेजा गया है। इसके लिए पिकअप को यात्रा करने की अनुमति दी गई है क्योंकि पिकअप और उसका चालक दोनों हिमाचल प्रदेश के हैं। वाहन का परमिट छह से आठ मई तक है। रूसी लड़की की उम्र करीब 30 साल की है जबकि भारतीय लड़का 20 साल के आस-पास है।

अगली खबर