कोर्ट मैरिज की मिली ऐसी सजा, लड़की के घरवालों ने लड़के पर बरसाए डंडे, कुत्‍ते की तरह भौंकने पर किया मजबूर

गाजियाबाद में कोर्ट मैरिज से खफा लड़की के घरवालों ने एक लड़के की बुरी तरह पिटाई कर दी। यह आमनवीय घटना पुरानी है, पर अब सामने आई है।

Shocking Ghaziabad man beaten up dragged by wife's relatives
कोर्ट मैरिज की मिली ऐसी सजा, लड़की के घरवालों ने लड़के पर बरसाए डंडे (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)  |  तस्वीर साभार: BCCL

गाजियाबाद : दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद से एक अमानवीय घटना सामने आई है, जिसमें कोर्ट मैरिज से खफा लड़की के रिश्‍तेदारों ने लड़की की बुरी तरह पिटाई कर दी और फिर गले में पट्टा डालकर उसे न केवल घसीटा, बल्कि कुत्‍ते की तरह भौंकने के लिए भी बाध्‍य किया। घटना करीब 9 महीने पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जिस लड़के की प‍िटाई की गई है वह गाजियबाद में कल्‍लु गढ़ी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। बताया जाता है कि उसने फरवरी 2018 में एक लड़की से कोर्ट मैरिज की थी, जिसके बाद से लड़की के घरवाले और रिश्‍तेदार नाराज थे। लड़की के कुछ रिश्‍तेदार उसके घर के पास रहते थे और इस‍ नाते उसे जानते थे। कोर्ट मैरिज के करीब एक साल बाद मई 2019 में वे उसे उसके घर से दूर ले गए और वहां बुरी तरह पिटाई की।

लड़की के घरवालों पर आरोप है कि उन लोगों ने युवक को लात-घूंसों और डंडे से खूब पीटा। इतना ही नहीं, उसके गले में पट्टा बांधकर घसीटा भी और उसे कुत्‍ते की तरह भौंकने के लिए भी बाध्‍य किया। इतना ही न लोगों ने उसके खिलाफ लड़की से रेप का मामला भी पुलिस में दर्ज करवा दिया, जिसकी जानकारी उसे तब मिली, जब वह अपने खिलाफ हुई ज्‍यादती की रिपोर्ट दर्ज करवाने पुलिस स्‍टेशन पहुंचा।

पुलिस स्‍टेशन में उसे बताया गय कि उसके खिलाफ पहले से ही रेप का मामला दर्ज है। बताया जाता है कि यह रिपोर्ट लड़की के घरवालों ने उसे बुरी तरह पीटे जाने के अगले दिन ही दर्ज करवा दी थी, जबकि इस घटना के बाद युवक चार दिन तक अस्‍पताल में भर्ती रहा। रेप के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में जब वह जमानत पर छूटा तब उसने पुलिस में उन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिन्‍होंने उसे बुरी तरह पीटा।

घटना के करीब 9 माह बाद अब व्‍हाट्स एप और सोशल मीडिया के अन्‍य प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

अगली खबर