Deoria : देवरिया में जघन्य अपराध, जींस पहनने पर 17 साल की लड़की को पीट-पीटकर मार डाला 

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के देवरिया (Deoria) जिले में दिल दहलाने वाली घटना हुई है। यहां परिजनों ने 17 साल की लड़की को पीट-पीटकर हत्या कर दी। लड़की का कसूर बस इतना था कि वह जींस पहनना चाहती थी।

UP : Girl beaten to death for wearing jeans in Deoria
देवरिया में लड़की की पीट-पीटकर हत्या।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • कक्षा नौ में पढ़ती थी नेहा पासवान, नेहा का जींस पहनना उसके चाचा और बाबा को बुरा लगा
  • जींस पहने जाने को लेकर हुए विवाद में परिजनों ने नेहा की बुरी तरह पिटाई की
  • अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया, पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के देवरिया में अपराध की एक खौफनाक घटना हुई है। यहां जीन्स पहनने को लेकर हुए विवाद में परिजनों ने 17 साल की लड़की की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। लड़की को जीन्स पहनना उसके बाबा एवं चाचा को पसंद नहीं था। इस बात पर बहस ने विवाद का रूप ले लिया, फिर लड़की की लाश पटनवा पुल की रेलिंग से लटकती हुई मिली। यह घटना रामपुरकारखाना पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। 

लड़की की मां की शिकायत पर केस दर्ज
लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने लड़की के बाबा और चाचा सहित 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मृत लड़की की पहचान महुआडीह पुलिस स्टेशन के सेवरही खर्ग निवासी अमरनाथ पासवान की बेटी नेहा पासवान के रूप में की है। 

पीटे जाने पर गंभीर हालत में पहुंच गई लड़की
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक लड़की के छोटे भाई विवेक ने सोमवार को मीडिया को बताया कि सोमवार शाम को उसके चाचा अरविंद ने अन्य दो चाचा एवं बाबा के साथ मिलकर उसकी बहन की पिटाई की। विवेक ने बताया कि उसकी बहन ने उनका कपड़ा धोने से इंकार कर दिया था। यही नहीं, नेहा के जींस पहनने पर भी उन्हें आपत्ति थी। विवेक ने आगे बताया कि बुरी तरह पीटे जाने के बाद जब उसकी बहन गंभीर हालत में पहुंच गई तो उन्होंने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की लेकिन नेहा ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने उसकी लाश पटनवा पुल से फेंक दी लेकिन लाश पुल की रेलिंग से लटक गई।

लड़की के सिर में हुआ फ्रैक्चर 
सर्किल ऑफिसर यश त्रिपाठी ने कहा, 'मृत लड़की की मां ने पुलिस को जो बयान दिया है, उसके मुताबिक जींस पहने जाने के विवाद में चाचा और बाबा द्वारा पीटे जाने पर लड़की के सिर में गंभीर चोट आई। इस पिटाई के चलते उनकी लड़की की मौत हो गई।' नेहा के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर में फ्रैक्चर होने एवं गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई। 

नौवीं कक्षा में पढ़ती थी नेहा 
पुलिस का कहना है कि शिकायत के बाद लड़की के बाबा परमहंस, चाचा अरविंद भगवान, टेंपो चालक हसनैन सहित 10 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। महुआडीह के एसएचओ राम मोहन सिंह का कहना है कि मृत लड़की की मां ने 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। लड़की के पिता पंजाब में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। वह चार भाइयों में सबसे बड़े हैं। चारों भाइयों का परिवार गांव में रहात है। नेहा कक्षा नौ में पढ़ती थी।

अगली खबर