Delhi : गौतम गंभीर की 'जन रसोई' में मिलेगा भरपेट खाना, कीमत रखी 1 रुपए

भाजपा सांसद ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'पेट भरा हो तो इंसान दुनिया की किसी भी ताकत से भिड़ सकता है!  दिल्ली को प्रचार नहीं, आहार चाहिए।' यह कैंटीन न्यू अशोक नगर में खोली गई है।

Delhi: Gautam Gambhir ‘Jan Rasoi’ canteen to serve lunch at Re 1
भूखे लोगों के लिए गौतम गंभीर ने शुरू की 'जन रसोई' कैंटीन। 
मुख्य बातें
  • अपने निर्वाचन क्षेत्र न्यू अशोक नगर में खोली दूसरी 'जन रसोई' कैंटीन
  • इससे पहले गत दिसंबर में गांधी नगर में खुल चुकी है यह कैंटीन
  • गंभीर ने कहा कि भोजन मनुष्य की बुनियादी जरूरतों में से एक है

नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर ने अपनी दूसरी 'जन रसोई' की शुरुआत अपने निर्वाचन क्षेत्र न्यू अशोक नगर में की है। यह कैंटीन एक रुपए में लोगों को खाना खिलाएगी। इसके पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद ने गत 24 दिसंबर को गांधीनगर में कैटीन की शुरुआत की। इस कैंटीन में रोजाना 1000 लोगों को खाना खिलाया जाता है। लोगों को खाने में चावल, दाल और सब्जी दी जाती है।  

भाजपा सांसद ने कहा-यह केवल कैंटीन नहीं
गंभीर ने कहा, 'यह केवल एक कैंटीन नहीं है बल्कि जरूरतमंदों एवं भूखे लोगों का पेट भरने की एक मुहिम है...मैं केवल संसाधन उपलब्ध करा रहा हूं। जो लोग सबसे कमजोर हैं उन्हें इसके जरिए मदद पहुंचाई जाएगी। भोजन मनुष्य की बुनियादी जरूरत है।' पूर्वी दिल्ली के सांसद ने कहा कि पूर्वी दिल्ली में 10 विधानसभा क्षेत्र हैं और वह हर क्षेत्र में एक 'जन रसोई' खोलना चाहते हैं।

केजरीवार पर साधा निशाना
अपने एक ट्वीट में क्रिकेटर से नेता बने गंभीर ने कहा, 'पेट भरा हो तो इंसान दुनिया की किसी भी ताकत से भिड़ सकता है!  दिल्ली को प्रचार नहीं, आहार चाहिए।'

सांसद की संस्था करेगी फंडिंग
गंभीर के एक सहयोगी ने कहा कि इस कैंटीन योजना की फंडिंग सांसद की संस्था कर रही है। इसमें निजी संसाधनों का भी इस्तेमाल हो रहा है। कैंटीन का उद्घाटन जिस समय हुआ, उस वक्त भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी उपस्थित थे।  गुप्ता ने कहा, 'हमने राज्य सरकारों को कैंटीन शुरू करते हुए देखा है लेकिन दिल्ली में अब तक इस तरह की कैंटीन की शुरुआत नहीं हुई थी।'

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर