Change in Delhi Weather : दिल्ली में जल्‍द मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, जानें कब होगी बारिश

Change in Delhi Weather: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण दिल्‍ली के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्‍ली समेत उत्‍तर भारत के कुछ इलाकों में हल्‍की बारिश की उम्‍मीद जताई है। इससे जहां तापमान में गिरावट होगी वहीं लू से भी राहत मिलेगी।

Delhi Weather
दिल्ली में मिल सकती है गर्मी से राहत 
मुख्य बातें
  • दिल्‍ली के मौसम में 13 अप्रैल से बदलाव
  • लोगों को मिलेगा लू और भीषण गर्मी से राहत
  • दिल्‍ली के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना

Change in Delhi Weather: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी के साथ लू के थपेड़े झेल रहे दिल्‍लीवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग की मानें तो 12 अप्रैल शाम से राजधानी के मौसम में बदलाव होगा। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण उत्‍तर भारत के कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्‍की बारिश हो सकती है। इसका असर दिल्‍ली के तापमान पर भी पड़ेंगा। यहां भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्‍की बारिश भी हो सकती है। राजधानी का मौसम 17 अप्रैल तक इसी तरह बना रहेगा और लोगों को लू व गर्मी से राहत मिलेगी।

अभी दिल्‍ली में भीषण गर्मी के साथ लू चल रही है। जिसके कारण लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। सोमवार को राजधानी में सबसे ज्‍यादा तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस नजफगढ़ इलाके में दर्ज की गई। लोगों को मंगलवार को भी इसी तरह के मौसम का सामना करना पड़ेगा, हालांकि तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है, वहीं लू को लेकर जारी किया गया अलर्ट भी अब हटा लिया गया है। मंगलवार शाम के बाद राजधानी का मौसम बदलने लगेगा। आसामन में हल्‍के बादल डेरा जमाना शुरू कर देंगे।

मौसम विभाग ने दी जानकारी

मौसम विभाग द्वारा साझां की गई जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल से उत्तर भारत के कुछ हिस्‍सों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। राजधानी दिल्ली के साथ हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश ,पंजाब और अन्‍य राज्‍यों में 13 से 17 अप्रैल के बीच बारिश की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ हो रहा सक्रिय

मौसम में हो रहे इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ है। दरअसल, एक पश्चिमी विक्षोभ का मंगलवार की रात को पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 15 अप्रैल के आसपास आएगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगर ये दोनों विक्षोभ पूरी तरह सक्रिय होते हैं, तो उत्‍तर भारत के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। हालांकि, अगर मौसम विभाग के आंकड़ों पर ध्‍यान दें तो,  बीते मार्च महीने में करीब चार से पांच पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय तक पहुंचे, लेकिन इनमें से कोई भी उतना सक्रिय नहीं था जो अपना असर दिखा सके।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर