दिल्ली में मुफ्त वाई फाई की घोषणा पर गौतम गंभीर ने कहा-फिर झूठ बोल रहे केजरीवाल 

Gautam Gambhir reacts on free wifi hotspots in Delhi : पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर ने फ्री वाई फाई की घोषणा पर कहा कि यह केवल विधानसभा चुनाव के लिए किया जा रहा है। 

Gautam Gambhir reacts on Arvind Kejriwal announcing free wifi hotspots in Delhi, दिल्ली में मुफ्त वाई फाई की घोषणा पर गौतम गंभीर ने कहा-फिर झूठ बोल रहे केजरीवाल
Gautam Gambhir : दिल्ली में अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव।  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • दिल्ली में अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव, भाजपा और आप में मुख्य मुकाबला
  • बिजली और पानी पर पहले ही भारी सब्सिडी दे रही है केजरीवाल सरकार
  • पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं केजरीवाल

नई दिल्ली : दिल्ली में विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आते ही केजरीवाल सरकार वोटरों को लुभाने की कोशिश में है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अब दिल्लीवासियों को फ्री वाई फाई सेवा देने की घोषणा की है। केजरीवाल सरकार दिल्लीवासियों को पहले ही बिजली और पानी पर भारी सब्सिडी दे रही है। दिल्ली सरकार ने डीटीसी बसों में भी महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की है। 

केजरीवाल सरकार की इन घोषणाओं को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वोट बैंक की राजनीति से जोड़कर देख रही है। पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर ने फ्री वाई फाई की घोषणा पर कहा कि यह केवल विधानसभा चुनाव के लिए किया जा रहा है। गंभीर ने कहा कि केजरीवाल एक बार फिर झूठ बोल रहे हैं।

दिल्ली में फ्री वाई फाई एवं हॉट स्पॉट की घोषणा प्रतिक्रिया देते हुए गंभीर ने कहा, 'केजरीवाल बहुत बड़े झूठे व्यक्ति हैं। उन्होंने यही बात साढ़े चार साल पहले कही थी और अब उसी बात को वह विधानसभा चुनाव से दो महीने पहले दोहरा रहे हैं। चुनाव नजदीक आता देख वह वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।' 

केजरीवाल ने बुधवार को कहा, 'दिल्ली में 11,000 वाई फाई हॉटस्पाट लगाए जाएंगे। इनमें से 4000 हॉटस्पाट बस स्टॉप और 7000 हॉटस्पाट बाजारों में लगाए जाएंगे। पहले 100 हॉटस्पाट का उद्घाटन 16 दिसंबर को होगा और इस काम में करीब 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके बाद हर सप्ताह 500 हॉटस्पाट जोड़े जाएंगे और अगले छह महीने के भीतर सभी 11 हजार हॉटस्पाट लगा दिए जाएंगे।' 

बता दें कि दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए अगले साल चुनाव होंगे। पिछले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटें जीती थीं जबकि भाजपा को तीन सीटों पर जीत दर्ज हुई थी। इस चुनाव में सबसे अधिक नुकसान कांग्रेस पार्टी को हुआ। उसे एक भी सीट पर जीत नसीब नहीं हुई। शीला दीक्षित के निधन के बाद कांग्रेस राजधानी में और कमजोर हुई है। समझा जाता है कि इस बार चुनाव में सीधा मुकाबला आप और भाजपा के बीच होगा। 

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर