मेट्रो से घर लौट रही थी लड़की, प्राइवेट पार्ट दिखाकर शख्‍स करने लगा अश्लील इशारा

यह घटना येलो लाइन मेट्रो की बताई जा रही है। पीड़‍िता ने सोशल मीडिया के जरिये इसकी शिकायत की है। घटना उस वक्‍त की बताई जा रही है, जब वह दफ्तर से लौट रही थी।

Man flashed his private part to woman in Delhi Metro probe underway
दिल्‍ली मेट्रो में लड़की को देखकर अश्‍लील इशारे करने लगा एक शख्‍स (फाइल फोटो)  |  तस्वीर साभार: BCCL

नई दिल्‍ली : अभी गार्गी कॉलेज में लड़कियों से छेड़छाड़ का मामला सुलझा भी नहीं है कि इसी तरह की एक अन्‍य वारदात सामने आई हैं, जिसमें दिल्‍ली मेट्रो में एक शख्‍स ने महिला को अपना प्राइवेट पार्ट दिखाते हुए अश्‍लील इशारा किया। यह घटना येलो लाइन मेट्रो की बताई जा रही है। लड़की ने खुद ट्वीट कर घटना की जानकारी दी, जिससे पहले तो वह स्‍तब्‍ध रह गई थी, लेकिन बाद में हिम्‍मत जुटाकर उसने शिकायत की।

डीएमआरसी को टैग करते हुए उसने अपने ट्विटर हैंडल से ग्रे जैकेट पहने और बैग लिए एक शख्‍स की फोटो भी शेयर की, जिसमें वह मेट्रो गेट के पास खड़ा नजर आ रहा है। पीड़‍िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह गेट के पास दो सीटों वाली जगह पर बैठी हुई थी, जबकि यह शख्‍स उसके सामने खड़ा था। घटना शाम करीब 6 बजे की है, जब वह अपने दफ्तर से लौट रही थी। अचानक उस शख्‍स ने अपना प्राइवेट पार्ट दिखाते हुए उसकी तरफ अश्‍लील इशारा किया, जिससे वह सकते में आ गई।

पहले तो उसे कुछ समझ ही नहीं आया कि वह क्या करे। कुछ देर के लिए वह स्‍तब्‍ध रह गई थी, जब उसने यह बात अपनी एक दोस्‍त को बताई तो उसने इसकी शिकायत करने की सलाह दी, जिसके बाद गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे वह हिम्‍मत जुटाकर घिटोरनी मेट्रो स्‍टेशन पहुंची और वहां अपनी शिकायत दर्ज कराई। अपने ट्वीट में उसने यह भी लिखा है कि यह उसका पहला ट्वीट है और उसे अफसोस है कि इसकी शुरुआत यौन उत्‍पीड़न जैसे अनुभव को शेयर करते हुए हो रही है।

मेट्रो में अपने साथ हुई इस घटना से वह सकते में जरूर आ गई थी, लेकिन उसने अपने मोबाइल फोन से उस शख्‍स की तस्‍वीर ले ली थी, जिसे उसने साझा भी किया। उसने यह भी लिखा है कि शुरुआत में वह इतना घबरा गई कि यह भी याद नहीं रहा कि किस स्‍टेशन के पास यह घटना हुई। बाद में फोटो की डिटेल से पता चला कि यह बुधवार को शाम करीब 6:11 बजे सुल्‍तानपुर वाटरट्रीटमेंट प्लांट के पास ली गई।

यहां उल्‍लेखनीय है कि गार्गी कॉलेज में भी बीते सप्‍ताह लड़कियों से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। कॉलेज कैंपस में घुस गए कुछ लोगों ने कई लड़कियों को देखकर अश्‍लील इशारे किए तो उन पर फब्तियां भी कसीं। एक लड़की ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर यह भी कहा कि मंजर इतना खौफनाक था कि एक शख्‍स उस पर अपना प्राइवेट पार्ट रगड़ने लगा। पुलसि ने इस मामले में बुधवार को 10 लोगों को गिरफ्तार किया।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर