Delhi Metro ने अपनाया कोरोना को लेकर सख्त रुख, मास्क पहनने या बैठने में जरा सी भूल पड़ रही भारी

Delhi Metro: कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों के चलते दिल्ली मेट्रो ने उन यात्रियों को दंडित करना शुरू कर दिया है, जो नियमों का पालन अच्छे से नहीं कर रहे हैं।

Delhi Metro
दिल्ली मेट्रो 

नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं। दिल्ली में भी कोरोना के मामलों में तेजी देखी जा रही है। शुक्रवार को यहां 1500 से ज्यादा नए मामले सामने आए। इसी को देखते हुए कई जगह कई प्रकार के प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं और सख्त रुख अपनाया जा रहा है। दिल्ली मेट्रो ने भी कड़क रुख अपनाया हुआ है। 

दिल्ली मेट्रो में उन लोगों पर जुर्माना लगाया जा रहा है जो ठीक तरीके से मास्क नहीं लगा रहे हैं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं और सीटों पर गलत तरीके से बैठ रहे हैं या उन सीटों पर बैठ रहे हैं जहां बैठने को मना किया गया है। 

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने ट्वीट कर जानकारी दी, 'यह सुनिश्चित करने के लिए कि हमारे मेट्रो दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है, दिल्ली मेट्रो के फ्लाइंग स्क्वाड ने 26 मार्च 2021 को 758 यात्रियों को फेस मास्क ठीक से न पहनने और सामाजिक दूरियों का पालन नहीं करने के लिए दंडित किया।' 

25000 से ज्यादा लोगों पर लग चुका जुर्माना

इसी तरह 25 मार्च को 527 यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया। उससे पहले 24 मार्च को 318 यात्रियों को दंडित किया गया। 23 मार्च को 234 यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया। कोरोना काल में दिल्ली मेट्रो ने 25,000 से ज्यादा लोगों पर फाइन लगाया है। यात्रियों पर जुर्माना लगाने की तस्वीरें भी डीएमआरसी ने ट्वीट की हैं, जिसमें देखा जा सकता है किसी ने सही तरीके से मास्क नहीं पहना है तो कोई उस सीट पर बैठा है, जिस पर बैठने की मनाही है। 

DMRC ने ट्वीट किया, 'कोविड-19 के मामलों में आए उछाल के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी ड्राइव तेज करने का निर्णय लिया है। अनुज दयाल, कार्यकारी निर्देशक-सीसी द्वारा यात्रियों से अपील है कि यदि संभव हो तो लंबे इंतजार से बचने के लिए ऑफ-पीक ऑवर में यात्रा करें।' 

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर