धर्मेंद्र ने किसान आंदोलन पर जताई चिंता, बोले- देशभर में अफरा तफरी फैली है, मैं जन्मदिन कैसे मनाऊं?

एक्टर धर्मेंद्र का आज जन्मदिन है लेकिन इस मौके पर वो किसान आंदोलन के चलते चिंतित हैं। धर्मेंद्र ने कहा कि देशभर में अफरा- तफरी का माहौल है तो मैं जन्मदिन कैसे मनाऊं?

Actor Dharmendra
Actor Dharmendra  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • आज अपना 85वां जन्मदिन मना रहे हैं बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र।
  • धर्मेंद्र ने किसान आंदोलन पर जताई चिंता, कहा- एक बार सुन लें किसानों की बात।
  • इसके साथ ही धर्मेंद्र ने जन्मदिन के मौके पर अपनी मां को भी याद किया।

बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र का आज जन्मदिन है और वो 85 साल के हो गए हैं लेकिन वो इस साल अपना जन्मदिन नहीं मनाना चाहते और इसकी वजह है किसान आंदोलन। धर्मेंद्र ने कहा कि देश में कोविड- 19 और किसानों के विरोध के कारण मौजूदा अशांति से वह आहत हैं।

'कैसे मनाऊं जन्मदिन?'

देश की मौजूदा हालत के बारे में धर्मेंद्र ने बॉम्बे टाइम्स से बात की और चिंता जाहिर करते हुए कहा, 'लोग कोरोना वायरस को भी भूल गए हैं। देशभर में अफरा तफरी फैली है, मैं जन्मदिन कैसे मनाऊं? हम सब भारत मां के बच्चे हैं। इंसानियत से बढ़कर कोई धर्म नहीं। किसी की शराफत, मजबूरी या इंसानियत का फायदा ना उठाएं। किसान क्या बोलना चाहते हैं, उनकी बात एक बार सुन लो। वो सड़कों पर बैठे हैं इतनी सर्दी में। एक आपसी डायलॉग से हल निकल सकता है।'

किसानों पर किए ट्वीट को क्यों किया डिलीट?

धर्मेंद्र ने किसानों पर ट्वीट किया था, लेकिन बाद में इसे डिलीट कर दिया जिसके चलते वो चर्चा में आ गए थे। अब इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मेरे कहने का मकसद था कि किसानों की बात सुनी जाए। मैं हमेशा पॉजिटिव बात कहता हूं लेकिन लोग उसका अलग ही मतलब निकाल लेते हैं। ट्विटर पर भड़ास निकालते हैं। अब मैं इससे दूरी बनाकर रखूंगा, क्योंकि यह बहुत खराब हो सकता है। दिल तोड़ देते हैं लोग।' मालूम हो कि धर्मेंद्र ने ट्वीट कर लिखा था, 'सरकार से प्रार्थना है... किसानों भाईयों की समस्या का कोई जल्दी से तलाश कर लें... कोरोना के मामलों दिल्ली में तेजी से बढ़ते जा रहे हैं... यह दर्दनाक है।' लेकिन बाद में उन्होंने यह ट्वीट डिलीट कर दिया था।

मां को किया याद

धर्मेंद्र बड़े स्तर पर अपना जन्मदिन नहीं मनाते बल्कि फार्महाउस पर रहकर कविता लिखना पसंद करते हैं। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मां भगवान होती है। जब खुशी देने वाली नहीं रही, तो कैसे मनाऊं जन्मदिन? बस रस्म निभा लेता हूं और तन्हाई में मां को याद करके रो लेता हूं। जब वो थी तब मेरे जन्मदिन पर हल्वा बनाती थी।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर