Sonakshi Sinha Trolled: मुकेश खन्ना के बाद अब दूरदर्शन ने किया सोनाक्षी सिन्हा को ट्रोल! ट्वीट कर पूछा ये सवाल

Sonakshi Sinha Trolled: दूरदर्शन पर फिर से शुरू हुए रामायण को लेकर हाल ही में चैनल ने ट्वीट कर एक सवाल पूछा जिसके बाद यूजर्स एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा को जमकर ट्रोल कर रहे हैं।

Sonakshi Sinha
Sonakshi Sinha 
मुख्य बातें
  • 'रामायण' को लेकर दूरदर्शन ने किया ऐसा ट्वीट, ट्रोल हो गईं सोनाक्षी सिन्हा
  • दूरदर्शन ने ट्वीट कर सवाल पूछा कि हनुमान जी संजीवनी बूटी किसके लिए लाए थे?
  • इस सवाल पर यूजर्स ने सोनाक्षी सिन्हा को ट्रोल करना शुरू कर दिया

दुनियाभर में फैले जानलेवा कोरोना वायरस के चलते देश में 21 दिन का लॉकडाउन है। इस बीच दूरदर्शन पर रामायण और महाभारत को फिर से प्रसारित किया जा रहा है जो कि दर्शकों को बहुत पसंद आ रहे हैं। इसे देखकर लोग अपने बचपन के दिनों को याद कर रहे हैं।

जहां एक तरफ दर्शक इन शो को एन्जॉय कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ उन्हें बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा को ट्रोल करने का मौका मिल गया है। दरअसल इन पौराणिक शो के शुरू होने के बाद से दूरदर्शन पर रामायण से संबंधित पोल चलाया जाता है और सवाल पूछे जाते हैं। हाल ही में दूरदर्शन के ट्विटर हैंडल पर जो सवाल पूछा गया जिसके बाद से लोग सोनाक्षी सिन्हा को ट्रोल कर रहे हैं। 

दरअसल ट्विटर पर जो सवाल पूछा गया, 'हनुमान किसके लिए संजीवनी बूटी लाए थे?' इसमें तीन विकल्प दिए गए सुग्रीव, लक्ष्मण और शत्रुघ्न। इस सवाल पर लोगों ने सोनाक्षी को ट्रोल करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने कमेंट कर पूछा कि मुझे दो सवाल पूछने हैं: 1) यहां शत्रुघ्न का विकल्प क्यों दिया गया है? 2) वो 2% लोग कौन से हैं जिन्होंने इसपर वोट किया है।

एक अन्य यूजर ने लिखा, 'दूरदर्शन और मुकेश खन्ना ने सोनाक्षी सिन्हा को उनकी रामायण की जानकारी पर एक बार फिर ट्रोल किया।' तो एक दूसरे यूजर ने लिखा कि सोनाक्षी को अकेला महसूस नहीं करना चाहिए, ये 2% लोग जिन्होंने शत्रुघ्न और सुग्रीव के लिए वोट किया, वो उन्हीं की तरह हैं।

KBC में सोनाक्षी नहीं दे पाईं थीं जवाब

दरअसल कौन बनेगा करोड़पति 11 में सोनाक्षी सिन्हां कर्मवीर रूमा देवी की मदद करने के लिए हॉट सीट पर बैठी थीं। इस दौरान 1 लाख 60 हजार रुपए का सवाल पूछा गया कि रामायण के अनुसार हनुमान किसके लिए संजीवनी बूटी लेकर आए थे? इस सवाल के चार विकल्प थे सुग्रीव, लक्ष्मण, सीता और राम। सोनाक्षी ने पहले तो इसके जवाब में सीता कहा लेकिन बाद में उन्होंने एक्सपर्ट एडवाइज लाइफलाइन का इस्तेमाल किया। इस सवाल का जवाब ने दे पाने के चलते सोनाक्षी को सोशल मीडिया पर बहुत ट्रोल किया गया था।

मुकेश खन्ना ने कही थी ये बात

हाल ही में महाभारत में भीष्म पितामह का रोल निभाने वाले एक्टर मुकेश खन्ना ने भी सोनाक्षी पर तंज कसा था। उन्होंने रामायण और महाभारत के फिर से शुरू होने पर कहा था 'मुझे लगता है कि यह कई लोगों के लिए उपयोगी होगा जिन्होंने पहले यह नहीं देखा है। यह सोनाक्षी सिन्हा जैसे लोगों की भी मदद करेगा जिन्हें हमारी पौराणिक गाथाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनके जैसे लोगों को यह नहीं पता कि हनुमान जी संजीवनी बूटी किसके लिए लाए थे।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर